घर में लगी आग, हजारों की संपत्ति खाक
घर में रखे सारे सामान जल गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
संवाद सूत्र, महेशपुर (पाकुड़) : थाना क्षेत्र के सोलापटिया गांव के संथाली टोला स्थित महेश्वर किस्कु के घर में गुरुवार की देर रात अचानक आग लग गई। घर में रखे सारे सामान जल गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गृहस्वामी महेश्वर, उनकी पत्नी ताला ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक सबकुछ आग के आगोश में समा चुका था।
महेश्वर ने बताया कि घर के अंदर 10 क्विंटल धान, कपड़ा सहित घर का अन्य सामान जल गया है। अगलगी की घटना में करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। तेलियापोखर पंचायत के उप मुखिया श्याम कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार काफी गरीब है। घटना के थोड़ी देर पहले महेश्वर रोलाग्राम हटिया से लौटा था। वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ दूसरे कमरे में था। पीड़ित परिजनों ने सरकार व अंचल प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।