अपनी संस्कृति को समझें विद्यार्थी : प्रधान न्यायाधीश
संवाद सहयोगी, पाकुड.: स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव पर विद्यालय परिसर में रविवार
संवाद सहयोगी, पाकुड.: स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव पर विद्यालय परिसर में रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह का उद्घाटन कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश प्रदीप कुमार चौबे, जिला शिक्षा पदाधिकारी रजनी देवी व प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पूर्व यज्ञ हवन का कार्यक्रम किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर का माहौल भक्तिमय हो गया। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि डीएवी भारतीय सभ्यता व संस्कृति की पहचान है। विद्यार्थी अपनी संस्कृति की समझें। ईमानदारीपूर्वक शिक्षा हासिल कर देश का नाम रोशन करें। समारोह में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति लघु नाटक गीत, नृत्य तथा डांस सहित कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं तथा कार्यक्रम के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। मौके पर जवाहर नवोदय विद्यालय के पूर्व प्राचार्य एसके विश्वास, एसबीआइ के मुख्य प्रबंधक डॉ. जुगल किशोर झा, प्रो. अशोक यादव, शिक्षक, अभिभावक आदि मौजूद थे।