पाकुड़ को मिलेगी पटना-दिल्ली की सीधी ट्रेन? रेलवे GM गीतिका पांडेय ने जगाई उम्मीद
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने पाकुड़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार पर जोर, पटना-दिल्ली सीधी ट्रेन की मांग पर होगा विचार
HighLights
पूर्व रेलवे महाप्रबंधक ने पाकुड़ स्टेशन का निरीक्षण किया।
यात्री सुविधाओं में सुधार और सुरक्षा पर दिया जोर।
पटना-दिल्ली सीधी ट्रेन की मांग पर परीक्षण का आश्वासन।
संवाद सहयोगी, पाकुड़। पूर्व रेलवे कोलकाता की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने बुधवार को पाकुड़ रेलवे स्टेशन और लोटामारा कोल साइडिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वीकृत कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
इस दौरान पाकुड़ से पटना और दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग तथा यात्री सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी सामने आया। महाप्रबंधक ने मांग को संज्ञान में लेते हुए इसकी संभावनाओं की जांच कराने का भरोसा दिया।
महाप्रबंधक सैलून से पाकुड़ स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने स्टेशन परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और जरूरी सुधार कार्यों की जानकारी ली।
अधिकारियों से स्वीकृत योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की स्थिति भी जानी। उन्होंने कहा कि पाकुड़ जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर करना रेलवे की प्राथमिकता है।
पटना-दिल्ली सीधी ट्रेन की मांग पर परीक्षण
पाकुड़ से पटना और दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने के सवाल पर महाप्रबंधक ने कहा कि यह क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांग है। इसे संज्ञान में लिया गया है और इसकी संभावनाओं की जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि रेलवे से जुड़े निर्णय मंडल, जोन और रेलवे बोर्ड के स्तर पर लिए जाते हैं। यात्री सुविधा से जुड़े मामलों को संबंधित स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
सुरक्षा के साथ बढ़ेगी कोयला लोडिंग
लोटामारा कोल साइडिंग में महाप्रबंधक ने सुरक्षा व्यवस्था और कोयला लोडिंग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कोल कंपनी के पदाधिकारियों से साइडिंग की मौजूदा स्थिति और लोडिंग से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोयला लोडिंग बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बिजली संकट के बीच कोयले की आपूर्ति महत्वपूर्ण है और इसमें पूर्व रेलवे की अहम भूमिका है। सभी स्टेकहोल्डर्स के समन्वय से कार्यक्षमता बढ़ाने और अधिक कोयला लोड करने पर जोर दिया जा रहा है।
महाप्रबंधक ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य कमियों की पहचान कर उनके समाधान की दिशा तय करना है। यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को बेहतर करने पर लगातार काम किया जा रहा है।
पाकुड़ में भी जरूरत के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इससे आने वाले समय में स्टेशन और यात्री सुविधाओं में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम विशाल कपूर, सीनियर डीसीएम, सीनियर डीओएम, पीसीसीएम हावड़ा, पीसीओएम समेत मंडल और स्थानीय रेलवे के अधिकारी मौजूद थे।
