विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकुड़ में पंचायत स्तर पर लगेंगे लर्नर लाइसेंस शिविर, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा

Published: Fri, 23 Oct 2026 03:26 PM (IST)

पाकुड़ जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लर्नर लाइसेंस बनवाने की सुविधा के लिए नवंबर और दिसंबर 2026 में पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे।

पाकुड़ में पंचायत स्तर पर लगेंगे लर्नर लाइसेंस शिविर, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा

पाकुड़ में पंचायत स्तर पर लगेंगे लर्नर लाइसेंस शिविर, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा

HighLights

  1. पाकुड़ में पंचायत स्तर पर लर्नर लाइसेंस शिविर लगेंगे।

  2. नवंबर-दिसंबर 2026 में सभी छह प्रखंडों में कैंप।

  3. ग्रामीणों को ऑनलाइन आवेदन में आवश्यक सहायता मिलेगी।

जागरण संवाददाता, पाकुड़। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लर्नर लाइसेंस बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला परिवहन शाखा की ओर से पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार नवंबर और दिसंबर 2026 में जिले के सभी छह प्रखंडों में निर्धारित तिथियों पर कैंप आयोजित किए जाएंगे।

शिविरों में लोगों को लर्नर लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन करने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तीन नवंबर को पाकुड़ प्रखंड के मानिकापाड़ा पंचायत भवन में शिविर लगाया जाएगा।

इसके बाद 12 नवंबर को हिरणपुर प्रखंड के केंदुआ पंचायत भवन और 19 नवंबर को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के कुंजबोना पंचायत भवन में कैंप आयोजित होगा।

इसी क्रम में एक दिसंबर को अमड़ापाड़ा प्रखंड के बोहड़ा पंचायत भवन, आठ दिसंबर को महेशपुर प्रखंड के बासकेंद्री पंचायत भवन तथा 15 दिसंबर को पाकुड़िया प्रखंड के राजपोखर पंचायत भवन में शिविर लगाया जाएगा।

सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक चलेगा शिविर

जिला प्रशासन के अनुसार, सभी शिविर निर्धारित तिथि को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक संचालित होंगे। संबंधित प्रखंडों के अधिकारियों और कर्मियों को शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा सफल संचालन के निर्देश दिए गए हैं।

उन्हें निर्धारित तिथि पर शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में सहयोग करने को कहा गया है।

ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय जाने से मिलेगी राहत

पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लर्नर लाइसेंस के लिए आवेदन करने में सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे लोगों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी और आवश्यक सहायता स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पंचायत के लिए निर्धारित तिथि की जानकारी लेकर शिविर में पहुंचें और इस सुविधा का लाभ उठाएं।