विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड वोटर लिस्ट: बिना 2 नोटिस के नहीं कटेगा किसी का नाम, मगर 'बंगाल कनेक्शन' वाले वोटर्स पर कसेगा शिकंजा!

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:27 AM (IST)

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बिना कानूनी प्रक्रिया के किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटेगा।

बिना 2 नोटिस के नहीं कटेगा किसी का नाम, मगर 'बंगाल कनेक्शन' वाले वोटर्स पर कसेगा शिकंजा! (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बिना 2 नोटिस के नहीं कटेगा किसी का नाम, मगर 'बंगाल कनेक्शन' वाले वोटर्स पर कसेगा शिकंजा! (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. कानूनी प्रक्रिया के बिना मतदाता का नाम नहीं हटेगा।

  2. अपात्र नाम हटाने से पहले सुनवाई, सत्यापन अनिवार्य।

  3. युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दें।

संवाद सहयोगी, पाकुड़। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने रविवार को कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा। अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने से पहले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन अनिवार्य होगा।

मतदाता सूची की शुद्धता के साथ योग्य भारतीय नागरिक को मतदान का अधिकार दिलाना निर्वाचन विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने पाकुड़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे एसआईआर कार्यों की समीक्षा की।

मतदान केंद्रों से जुड़े सुनवाई दस्तावेजों व अभिलेखों का निरीक्षण किया। अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। इससे पहले साहिबगंज जिले के उधवा में बैठक की। शनिवार को देवघर और गोड्डा में एसआईआर कार्यों की समीक्षा की थी।

दो नोटिस और सुनवाई के बाद ही हटेगा नाम:

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने प्रक्रिया में पारदर्शिता व नियमों के पालन पर जोर दिया। कहा कि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मनमाने ढंग से सूची से नहीं हटेगा। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को संबंधित मतदाता को दो बार नोटिस देना होगा।

इसके बाद सुनवाई, घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन व उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की जाएगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर कारणों का उल्लेख करते हुए अंतिम आदेश पारित किया जा सकेगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी व मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर नियमित समीक्षा को भी जरूरी बताया।

बंगाल से आए लोगों के दस्तावेजों की जांच:

पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कई मतदाताओं के मामले सामने आए, जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में है, लेकिन उन्होंने संबंधित दस्तावेज जमा नहीं किए हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी पात्र भारतीय नागरिकों के लिए सक्षम पदाधिकारी के समक्ष नियमानुसार दस्तावेज उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए।

बंगाल से पाकुड़ विस क्षेत्र में आकर बसे लोगों के मामलों का भी उल्लेख किया। ऐसे कई लोगों को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने नोटिस जारी किया है, जबकि उनके जरूरी दस्तावेज बंगाल में तैयार हो रहे हैं।

युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर:

निरीक्षण में एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को सूची में जोड़ने की प्रक्रिया की भी समीक्षा हुई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए आवेदन मिलने की जानकारी ली और एसआईआर के साथ युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

राजमहल में एसआईआर की धीमी रफ्तार पर आयोग चिंतित

राजमहल विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर की धीमी प्रगति पर निर्वाचन आयोग ने चिंता जताई है। रविवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार यहां पहुंचे। उन्होंने राजमहल व उधवा में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक की और प्रगति की जानकारी ली।

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि दियारा क्षेत्र में कई लोगों के पास खतियान नहीं हैं, जिसके कारण उनके निवास व जाति प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। इस पर के. रवि कुमार ने नियमानुसार कार्रवाई करने व लंबित मामलों का तय समय-सीमा में निपटारा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि एसआईआर अंतिम चरण में है और इसे पारदर्शिता तथा निष्पक्षता के साथ समय पर पूरा किया जाए। मतदान केंद्र संख्या 412 की बीएलओ सफुरा बीबी से मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने संबंधी शिकायतों की जानकारी ली।

घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा दोहराए गए नामों की पहचान की समीक्षा की। आवेदन-पत्रों के वितरण, प्राप्त आवेदनों और उनके निपटारे के साथ निर्वाचन संबंधी अभिलेखों का भी जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आगामी 22 दिसंबर को होगा। बैठक में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सदानंद महतो, उधवा बीडीओ जयंत कुमार तिवारी, सीओ आशीष कुमार और श्रम अधीक्षक महफूज आलम आदि मौजूद थे। एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से वे अब तक करीब चार बार जिले का दौरा कर चुके हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।