दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या, शव को लगाई आग
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई है।
हिरणपुर (पाकुड़), जेएनएन। थाना क्षेत्र के सिमलढाव गांव के पास झाड़ी से पुलिस ने मंगलवार की सुबह अधजली 22 वर्षीय युवती का शव बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। एसडीपीओ श्रवण कुमार, पुलिस निरीक्षक रामचंद्र राम घटना स्थल पर पहुंच मामले की जांच की।
हिरणपुर थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह सूचना मिली थी कि झाड़ी में एक युवती का शव जल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक रामचंद्र राम, थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय भी शव जल ही रहा था। पुलिस ने पानी डालकर आग को बुझाया। इसके बाद शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस निरीक्षक ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई है। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से युवती के शरीर में आग लगा दी।
पुलिस निरीक्षक ने यह भी बताया कि युवती के साथ अन्यत्र दुष्कर्म किया गया होगा। हत्या के बाद शव को सिमलढाव गांव के समीप झाड़ी में फेंक दिया गया। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ श्रवण कुमार भी घटना स्थल पर पहुंच जायजा लिया। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।