राशनकार्डो की गड़बड़ियों को दुरुस्त कराएं
संवाद सूत्र, पाकुड़िया (पाकुड़) : प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रखंड कार्यालय के समीप श
संवाद सूत्र, पाकुड़िया (पाकुड़) : प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रखंड कार्यालय के समीप शनिवार को आठ सूत्री मांगों के समर्थन में कांग्रेसियों ने धरना दिया। इसका नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष इस्लाम मियां ने किया। कांग्रेस शिष्टमंडल ने धरना के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी रोशन कुमार को ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल में कांग्रेस के प्रदेश सचिव देवीलाल मुर्मू, विधानसभा प्रभारी राजकुमार भगत, महेशपुर प्रखंड अध्यक्ष महबूब आलम, अजजा जिलाध्यक्ष आरनेस हांसदा, प्रखंड सचिव वीरेन्द्र कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष विमल मुर्मू शामिल थे।
कांग्रेसियों ने राशनकार्ड में गड़बड़ी को अविलंब सुधारने, वृद्धा एवं विधवा पेंशन का बकाया राशि भुगतान करने, स्वीकृति दी गयी पेंशन लाभुकों का भुगतान अविलंब करने, राशन आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने, निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास के किस्तों का भुगतान अविलंब करने, मजदूरों का पलायन रोकने, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की दर में अप्रत्याशित वृद्धि पर रोक लगाने और पाकुड़िया प्रखंड में बंद पड़ी सहकारिता दुकान को अविलंब चालू करने की मांग की। प्रदेश सचिव देवीलाल मुर्मू ने कहा कि भाजपा सरकार से सूबे की जनता काफी नाखुश हैं। आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। धरातल पर विकास कार्य नहीं हो रहा है। राशन कार्ड में काफी गड़बड़ी है। इससे लाभुकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार महंगाई रोकने में अक्षम साबित हो रही है। प्रखंड अध्यक्ष इस्लाम ने कहा कि गरीब के प्रति सरकार की मंशा सही नही है। मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।