देशी पिस्टल के साथ कुख्यात मनोज धराया
जागरण संवाददाता पाकुड़ अपराध की दुनिया में काफी सक्रिय मनोज मुर्मू को पुलिस टीम ने शनिव
जागरण संवाददाता, पाकुड़ : अपराध की दुनिया में काफी सक्रिय मनोज मुर्मू को पुलिस टीम ने शनिवार की रात सूरजबेड़ा इचाघुट्टू स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से देशी पिस्टल बरामद हुआ है। अपराध जगत में मनोज पिछले दो वर्षो से काफी सक्रिय था। पुलिस के लिए वह सिरदर्द बन गया था।
पुलिस अधीक्षक मणिलाल मंडल ने रविवार को अपने कार्यालय में बताया कि गुप्त सूचना मिली कि कई कांडों में वांछित व फरार आरोपित मनोज मुर्मू सूरजबेड़ा गांव के आसपास देखा गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई। एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में थाना प्रभारी प्रेमचंद भगत, सअनि विपिन कुमार ने सूरजबेड़ा के इचाघुट्टू स्थित मनोज के घर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस को देखते ही मनोज पिछले दरवाजे से भागने लगा। पुलिस टीम ने खदेड़ कर मनोज को पकड़ लिया। तलाशी लेने के क्रम में उनके कमर से पिस्टल बरामद हुआ। एसपी ने कहा कि मनोज को पकड़ने के लिए पुलिस काफी दिनों से प्रयासरत थी। उनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। अपराधी मनोज ने वर्ष 2019 में हिरणपुर थाना क्षेत्र में दो डकैती की घटना को अंजाम दे चुका है। वर्ष 2020 में लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में डकैती व रंगदारी, हिरणपुर थाना क्षेत्र में लूट, पाकुड़िया व अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में डकैती तथा गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में डकैती की घटना को अंजाम दे चुके हैं। प्रेसवार्ता में एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी प्रेमचंद भगत शामिल थे।