दोपहर में आंधी-पानी, पड़े ओले, गिरा पेड़
पाकुड़ जिलेभर में मंगलवार की दोपहर करीब 2 बजे अचानक आंधी के साथ बारिश हुई। ओला
पाकुड़ : जिलेभर में मंगलवार की दोपहर करीब 2 बजे अचानक आंधी के साथ बारिश हुई। ओला भी पड़े। इससे कई जगहों पर पेड़ गिर गए, लेकिन कोई हताहत की सूचना नही है। वहीं बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। वहीं रबी फसलों को भी नुकसान होने की आशंका है।
सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर दो बजे के बाद तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी। इस दौरान ओले भी गिरे। आंधी से कई जगहों पर पेड़ गिर गए। करीब आधे घंटे तक हुई बरसात के कारण शहर के कई सड़कें कीचड़मय हो गई।
लिट्टीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र में आई तेज आंधी व बारिश से काफी नुकसान हुआ है। आधे घंटे तक ओला के साथ बारिश हुई। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। आंधी के कारण लिट्टीपाड़ा चौक के पास ट्रांसफार्मर पर बबूल का पेड़ गिर गया। इससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। पानी के कारण आवागमन भी बाधित रहा। तिलकामांझी चौक स्थित अर्जुन मंडल की दुकान की छत उड़ गई। बीचामहल पंचायत के लेटबाड़ी, बलमपुर के अलावा नवाडीह, धोहपहाड़ी, जोबोडीह, मुर्गाबनी नदी किनारे खेतों मे रबी फसल ओला वृष्टि से खराब होने आशंका है।
हिरणपुर प्रखंड क्षेत्र के जबरदाहा स्थित एक पुराना पेड़ जयनारायण भगत के घर में गिर गया। मिशन पथ स्थित मस्जिद के निकट 11 हजार की तार जमीन पर गिर पड़ा। इससे कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।