बाहा पर्व पर आदिवासियों ने खेली पानी की होली
महेशपुर(पाकुड़)स्थानीय आदिवासी कल्याण छात्रावास परिसर में शनिवार को शिक्षित बेरोजगार य
महेशपुर(पाकुड़):स्थानीय आदिवासी कल्याण छात्रावास परिसर में शनिवार को शिक्षित बेरोजगार युवा मंच की ओर से बाहा पर्व मनाया गया। इसमें मंच के जिलाध्यक्ष अमरदीप गोस्वामी उपस्थित थे। बाहा पर्व में प्रखंड के लगभग सभी पंचायत के महिला एवं पुरुष शामिल हुए। पर्व के दौरान नायकी ने पूजा कर पर्व की शुरुआत की। इसमें साल का फूल जाहेर थान में चढ़ाया गया। सभी ने नायकी बुरहान मुर्मू के पैर धोए और आशीर्वाद के रूप में साल का फूल प्राप्त किया। इसके बाद आदिवासी युवतियों ने एक साथ मिलकर पर्व मनाया। परंपरागत कला प्रस्तुत कर अपनी खुशी का इजहार किया। पर्व को लेकर नायकी बुरहान मुर्मू ने बताया कि बाहा आदिवासी समुदाय में हिन्दुओं के प्रमुख त्योहार होली की तरह मनाया जाता है। लेकिन यहां रंगों की जगह सिर्फ पानी का प्रयोग होता है। बाहा पर्व को लेकर संताल के लोगों में उमंग और उत्साह देखने को मिलता है बाहा शब्द का अर्थ फूल होता है ये प्रकृति और मानव के संबंधों से जुड़ा एक त्योहार है। उन्होंने बताया की बाहा पर्व तीन दिनों तक मनाते हैं। मौके पर जिला सचिव बेंजम बास्की, प्रखंड सचिव दिनेश मरांडी, प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार के अलावे सैकड़ो महिला पुरुष उपस्थित थे।