सूर्य की तपिश को हरियाली देगी मात
पाकुड़ बढ़ते तापमान को कम करने का एक मात्र उपाय पौधारोपण है। इससे आई हरियाली सूर्य
पाकुड़ : बढ़ते तापमान को कम करने का एक मात्र उपाय पौधारोपण है। इससे आई हरियाली सूर्य की तपिश को मात देने का माद्दा रखती है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण किया जात है । इसी क्रम में पाकुड़ में शुक्रवार को वन प्रमंडल कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। वन प्रमंडल पदाधिकारी डॉ. विनयकांत मिश्रा की देखरेख में वन क्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह व अन्य कर्मचारियों ने 30 से भी अधिक पौधे लगाए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। हाईटेक नर्सरी में आम, गम्हार, कटहल, कदम, अमरूद, जामुन आदि के पौधे लगाए।
डीएफओ ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए पौधों का होना अति आवश्यक है। पेड़-पौधों के बिना जीवन की कल्पना करना बेकार है। प्रत्येक व्यक्ति को संकल्प के साथ पौधरोपण करना चाहिए। धरती हरा-भरा रहने से प्रदूषण का खतरा कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि सभी की सहभागिता से पर्यावरण को बचाया जा सकता है। इस मौके पर वन कर्मी इंद्रदेव राम, समाजसेवी रामरंजन सिंह, संजय शुक्ला, भागीरथ तिवार सहित वन विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।
हिरणपुर मे युवाओं ने सार्वजनिक पुस्तकालय परिसर में पौधरोपण किया। यहां अशोक के पांच पेड़ लगाए। इस अवसर में चंदन भगत, डॉ. आसिफ, नारायण भगत आदि उपस्थित थे।
अमड़ापाड़ा में प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह, सीओ सफी आलम ने आम, अमरूद सहित अन्य पौधे लगाए। इस मौके पर सहायक अभियंता सुनील कुमार, प्रखंड समन्वयक आनंद प्रकाश सहित प्रखंड एवं अंचलकर्मी मौजूद थे।
पाकुड़िया में विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में पौधारोपण कर पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प लिया गया। पाकुड़िया प्रखंड परिसर स्थित सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र, सीएमटीसी प्रांगण में प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी द्वारा पौधरोपण किया गया। इस मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मो फैज, आलम, अनुप कुमार, सखी मंडल की दीदी सलोनी हेम्ब्रम, लखीराम हांसदा आदि उपस्थित थे।
महेशपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय स्थित श्री श्री 1008 बूढ़ा बाबा शिव मंदिर परिसर में पौधारोपण किया। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जयसेन बेसरा के नेतृत्व कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस मौके पर संदीप भगत, देवराज तिवारी, बीरबल मंडल, बिक्की भगत, गुड्डू भगत, आसुतोष साहा, गोपाल भगत, शिबू भगत सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।