ईमानदारी पूर्वक बच्चों को खिलाएं खुराक
हिरणपुर (पाकुड़) जिले भर में रविवार को तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई।
हिरणपुर (पाकुड़) : जिले भर में रविवार को तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। उपायुक्त कुलदीप चौधरी, डीआरडीए निदेशक डॉ. ताराचंद, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने पुराना सदर अस्पताल परिसर में बच्चों को खुराक खिलाकर अभियान की शुरुआत की। 1.86 लाख बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य है। उपायुक्त ने अपील की है कि खुराक पिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही नही बरतें। ईमानदारी पूर्वक 0-5 वर्ष के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाएं। पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए 1098 बूथ बनाए गए हैं। 2206 वैक्सीनेटर, 268 सुपरवाइजर को लगाया गया है। अभियान के प्रथम दिन बूथों पर 0-5 वर्ष के बच्चों को खुराक पिलाई गई। दूसरे व तीसरे दिन घर-घर जाकर खुराक पिलाना है। उपायुक्त ने कहा कि हर हाल में लक्ष्य की प्राप्ति करनी है। पोलियो कर्मियों का दायित्व है कि आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें।
हिरणपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिहिर कुमार ने बच्चे को पोलियो खुराक खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
महेशपुर : प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को विधायक प्रतिनिधि अब्दुल वदूद तथा चिकित्सक प्रभारी डॉ. अमित रंजन ने संयुक्त रूप से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर शैलेश कुमार, अंजनी भगत, अजय कुमार, राजेश रंजन, मंजूर रहमान, शारलेट मुर्मू, मोहम्मद नसीम, संतोष राय समेत अन्य उपस्थित थे।
अमड़ापाड़ा : सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ सेवानिवृत्त शिक्षक चंदर मुर्मू ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे को पोलियो की दवा पिलाकर की। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रेम कुमार मरांडी, चिकित्सक डॉ. अजय कुमार, चिकित्सक डॉ. शालिनी कुमारी, आयुष चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार, ऋषि कुमार ऋषि, धनपति गिरी, अनिल कुमार गुप्ता आदि उपस्थित थे।
लिट्टीपाड़ा : प्रखंड क्षेत्र में पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। जिला लेखा पदाधिकारी चन्द्र किरण प्रकाश ने बीचामहल, तालझारी, हाथीगढ़, करियोडीह, बड़पोखर, रांगा, लिट्टीपाड़ा, डहरलंगी, रामपुर, गम्हरिया रामपुर बूथ पहुंचकर बच्चों को दो बूंद पोलियो रोधी खुराक अभियान की शुरुआत की।
पाकुड़िया : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी व चिकित्सा पदाधिकारी डा. नवल कुमार ने बच्चे को पोलियो की दवा खिलाकर किया।