लगातार बारिश ने बढ़ाई बाढ़ की आशंका, बांसलोई उफान पर
हो रही मूसलाधार बारिश से आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रखंड क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। मवेशी भी घास चरने के लिए निकल नहीं पा रहे हैं। मवेशियों को चारा नहीं मिल रहा है। नवाडीह बीचामहल बड़ा सरसा पंचायत के मैदानी क्षेत्र में लबालब पानी भर गया है। भदई धान पर असर पड़ने की उम्मीद बढ़ गई है।
-बीते एक सप्ताह से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश
-बारिश का पानी सडक पर आ जाने से कई जगहों पर यातायात हुआ प्रभावित जागरण टीम, पाकुड़ : जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बीते एक सप्ताह से हो रही मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बारिश के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। रविवार को दिनभर मूसलाधार बारिश हुई। लोगों को घर से निकलना दूभर हो गया। मूसलाधार बारिश से सदर प्रखंड होकर गुजरने वाली बांसलोई व तोड़ाई नदी उफान पर है। नदी के किनारे खेतों में लबालब पानी भर जाने से धान की फसल भी डूब गई है। बारिश के कारण किसानों की फसल बर्बाद होने की आशंका बढ़ गई है। सदर प्रखंड के झिकरहाटी पूर्वी, चांदपुर, इलामी पंचायत के कई गांव के नदियों में भी उफान आ गया है। बारिश का पानी सड़क पर बहने के कारण संपर्क टूट गया है। सड़कों पर लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। बारिश का पानी गांव में घुस जाने के कारण बाढ़ जैसी हालत हो गई है। पाकुड़-धुलियान मुख्य पथ स्थित चांदपुर पुल के समीप सड़क धंस जाने के कारण पथ पर वाहनों का परिचालन बाधित हो गया है। इस कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बारिश के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम होने के कारण सड़कों में सन्नाटा सा हो गया है। बाजार में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार तक बारिश होने की संभावना है।
लिट्टीपाड़ा : प्रखंड क्षेत्र में लागातार हो रही मूसलाधार बारिश से आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रखंड क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। मवेशी भी घास चरने के लिए निकल नहीं पा रहे हैं। मवेशियों को चारा नहीं मिल रहा है। नवाडीह, बीचामहल, बड़ा सरसा पंचायत के मैदानी क्षेत्र में लबालब पानी भर गया है। भदई धान पर असर पड़ने की उम्मीद बढ़ गई है।