महिला पर जानलेवा हमला, दो धराए
हिरणपुर (पाकुड़) हिरणपुर थाना क्षेत्र के तुरसाडीह गांव में रविवार को हरवे-हथियार
हिरणपुर (पाकुड़) : हिरणपुर थाना क्षेत्र के तुरसाडीह गांव में रविवार को हरवे-हथियार से लैस होकर गांव के ही मितन यादव, टुनटुन यादव, मुन्ना यादव व गुली यादव ने उर्मिला देवी पर हमला बोल दिया। इसमें वह जख्मी हो गई। उर्मिला के पति अजीत यादव ने उक्त लोगों के खिलाफ हिरणपुर थाना में सोमवार को मामला दर्ज कराया है।
अजीत ने बताया कि घटना के दिन उनकी पत्नी घास काटने गई थी। इसी दौरान मितन, टुनटुन, मुन्ना व गुली ने हरवे-हथियार से लैस होकर उर्मिला पर हमला बोल दिया। इससे वह जख्मी हो गई। वह किसी तरह से जान बचाकर अपनी घर आई और परिजनों को आपबीती सुनाई। वहीं तुरसाडीह गांव की पुतुल देवी ने आरोप लगाया है कि रविवार की सुबह आठ बजे वह घर पर थी। तभी गांव के ही प्राण यादव, अशोक यादव, अजित यादव व अर्जुन यादव जबरन घर में घुस गए। उक्त लोगों ने बेवजह गाली-गलोज शुरू कर दिया। डायन कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुतुल ने भी उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराई है। वहीं एएसआई अमरनाथ राम गांव पहुंच मारपीट के आरोपित टुनटुन यादव व मुन्ना यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसे सोमवार को जेल भेज दिया है। दोनों पक्षों के आरोपित फिलहाल फरार हैं। पुलिस जांच में जुटी है।