राष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता में अनीपा को तीसरा स्थान
लोहरदगा में गायन प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद सहयोगी, लोहरदगा : लोहरदगा के सदर प्रखंड अंतर्गत कुजरा गांव में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की छात्रा अनीपा लकड़ा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित गायन प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर झारखंड और लोहरदगा का नाम गौरवान्वित किया है। अनीपा की सफलता पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताई है। राजस्थान के उदयपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग 18 राज्यों से प्रतिभागी शामिल हुए थे। जिसमें झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही अनीपा ने एकल गायन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। अनीपा को पुरस्कार के रूप में प्रतीक चिन्ह और 30 हजार रुपए दिए गए। झारखंड लौटने पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने अनीता को अपनी ओर से 10 हजार रुपए अभिनंदन स्वरूप प्रदान किए। राज्यपाल ने अनीपा को भविष्य के लिए शुभकानाएं भी दी इसके अलावा अनीपा के विद्यालय लौटने पर जिला कल्याण पदाधिकारी सहित उसके शिक्षक मास्टर धनेश और विद्यालय परिवार ने अनीपा का स्वागत किया। अनीपा की सफलता की बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी अनीपा की तरह ही जीवन में आगे बढ़ने को लेकर संकल्प लेने की बात कही। मौके पर विद्यालय की प्राचार्य अमृता मिश्रा, शेखर सिंह, विक्की कुमार, सामूल अंसारी, राजेंद्र उरांव, आनंद पांडे, मास्टर धनेश आदि मौजूद थे।