विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी ने पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी का बढ़ाया उत्साह, पिता को फोन कर साझा किया अनुभव

By Rakesh SinhaEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Thu, 05 Nov 2026 09:51 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात की, जिसमें लोहरदगा की पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी भी शामिल थीं।

भारतीय टीम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी खेल परिसर में मुलाकात की।

भारतीय टीम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी खेल परिसर में मुलाकात की।

HighLights

  1. लोहरदगा की संजना कुमारी ने पीएम से मिलने का अनुभव बताया।

  2. प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

जागरण संवाददाता, लोहरदगा। जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली भारतीय टीम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी खेल परिसर में मुलाकात की। 
 
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और देश का मान बढ़ाने के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके जज्बे, लगन और समर्पण की जमकर सराहना की। 
 
इस पदक विजेता टीम में लोहरदगा की बेटी और पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी भी शामिल थीं।
 

संजना ने पिता को फोन पर सुनाया अनुभव 

संजना के पिता और पूर्व सैन्यकर्मी रतन कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के तुरंत बाद बेटी ने उन्हें फोन कर अपना अनुभव साझा किया। 
 
संजना ने बताया कि प्रधानमंत्री से मिलकर उसे काफी प्रेरणा और उत्साह मिला। पीएम मोदी ने एथलीटों के संघर्ष, इच्छाशक्ति और समर्पण की सराहना की, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ा है। 
 
बेटी की इस बड़ी उपलब्धि और देश के प्रधानमंत्री से हुई इस खास मुलाकात की खबर मिलते ही पूरा परिवार और लोहरदगा निवासी खुशी से गदगद हैं।
 

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर सराहा 

tweet

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट कर भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों को रेखांकित किया। 
 
उन्होंने कहा कि पैरा एशियन गेम्स में भारत के बढ़ते गौरव के पीछे खिलाड़ियों की अपार क्षमता और प्रतिभा है। इस बार भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 स्वर्ण पदक जीते। 
 
साथ ही 5 विश्व रिकॉर्ड और 9 एशियाई रिकॉर्ड भी बनाए। चार स्पर्धाओं में तो भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे पोडियम पर ही कब्जा जमाया।
 

महिलाओं और युवाओं का शानदार प्रदर्शन 

प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पैरा एशियन गेम्स में पहली बार हिस्सा लेने वाले 61 में से 36 खिलाड़ियों ने पदक जीते। 
 
वहीं, भारतीय दल की 56 महिला एथलीटों में से 34 पदक विजेता बनकर उभरीं। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी सपना बड़ा नहीं होता और किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। 
 
लोहरदगा के शास्त्री नगर (ढोढ़ा टोली) की रहने वाली संजना की इस स्वर्णिम सफलता से पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।