विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोहरदगा का पझरी पहाड़: झारखंड में प्राकृतिक सुंदरता, सेल्फी और फिल्म शूटिंग का नया केंद्र

Published: Thu, 03 Sep 2026 03:40 PM (IST)

लोहरदगा का पझरी पहाड़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण पर्यटकों का नया आकर्षण बन गया है। यह ...और पढ़ें

पर्यटन के असीम संभावनाओं को समेटे हुए है यह पर्यटन स्थल।

पर्यटन के असीम संभावनाओं को समेटे हुए है यह पर्यटन स्थल।

HighLights

  1. पझरी पहाड़ प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण का केंद्र।

  2. युवाओं के लिए लोकप्रिय सेल्फी प्वाइंट बन रहा है।

  3. फिल्म और संगीत शूटिंग के लिए पसंदीदा लोकेशन।

राजेश प्रसाद गुप्ता, भंडरा (लोहरदगा)। प्रकृति की गोद में बसा भंडरा प्रखंड का पझरी पहाड़ सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है। लोहरदगा-बेड़ो मुख्य मार्ग पर स्थित यह खूबसूरत स्थल पर्यटन की असीम संभावनाओं को खुद में समेटे हुए है।

वर्तमान में यह युवाओं और आम लोगों के बीच एक लोकप्रिय सेल्फी प्वाइंट के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। रांची-लोहरदगा एनएच 143 एजी रोड से सटे होने के कारण यहां रोजाना भारी संख्या में लोग प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।

इस पर्यटन स्थल की सबसे बड़ी खासियत यहां का शांत और मनोरम वातावरण है। शहरी कोलाहल से दूर लोग यहां आकर मानसिक शांति का अनुभव करते हैं। पहाड़ की ऊंचाई पर स्थित विशाल और समतल चट्टानें इस जगह को बेहद अनूठा बनाती हैं।

जब पर्यटक इस ऊंची चट्टान पर खड़े होते हैं, तो वहां से नीचे धरती का नजारा बेहद अद्भुत और विहंगम दिखाई देता है। चारों तरफ फैली हरियाली और प्राकृतिक बनावट यहां आने वाले हर शख्स को मंत्रमुग्ध कर देती है।

पझरी पहाड़ से सूर्यास्त का दिखता है अद्भुत नजारा

शाम के समय पझरी पहाड़ का सौंदर्य अपने चरम पर होता है। पहाड़ की तलहटी से सूर्यास्त (सनसेट) का नजारा इतना जादुई होता है कि लोग उसे अपने कैमरों में कैद करने से खुद को रोक नहीं पाते। ढलते सूरज की लालिमा जब चट्टानों पर पड़ती है, तो यहां का दृश्य किसी कैनवास पर बनी पेंटिंग जैसा प्रतीत होता है।

पझरी पहाड़ की इसी अलौकिक खूबसूरती ने अब कला और मनोरंजन जगत का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। गीत-संगीत के निर्माता और निर्देशकों को यहां की वादियां बेहद भा रही हैं। प्राकृतिक दृश्यों और बेहतरीन लोकेशन के कारण यहां कई क्षेत्रीय नागपुरी एल्बमों के साथ-साथ हिंदी फिल्मों की शूटिंग भी सफलतापूर्वक हो चुकी है।

फिल्म निर्माताओं का मानना है कि इस क्षेत्र में सिनेमाई पर्यटन (फिल्म टूरिज्म) को बढ़ावा देने की अद्भुत क्षमता है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यदि सरकार इस ओर ध्यान दे और यहां बुनियादी सुविधाएं विकसित करे, तो पझरी पहाड़ आने वाले समय में झारखंड के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर अपनी एक अलग और विशिष्ट पहचान बनाने में कामयाब रहेगा।

क्या कहते हैं स्थानीय लोग

पझरी पहाड़ प्रकृति सौंदर्य का एक अनुपम उदाहरण है। यहां पहुंचने वाले पर्यटक इनकी सुंदरता को देख मंत्रमुग्ध हो जाते है। पझरी पहाड़ की सुंदरता को देखते हुए बॉलीवुड के कलाकार अमित लोढ़ा पर निर्देशित फिल्म की शूटिंग भी यहीं आकार किए थे। जिसमें हेलिकॉप्टर का सीन यहीं फिल्माया गया था।
-आनंद उरांव, स्थानीय ग्रामीण, धोबाली

पझरी पहाड़ की ऊंचाई और पहाड़ की तलहटी से नीचे का दृश्य के साथ-साथ सूर्यास्त का नजारा देखने लायक होता है। जिन्हें देखने सालों भर पर्यटक पहुंचते है।
-जावेद अख्तर, ग्रामीण, भंडरा

पर्यटन विभाग से पझरी पहाड़ में हुए है कई विकास के काम

भंडरा का पझरी पहाड़ एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बनता जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग द्वारा वर्ष 2023 में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य यहां आने वाले पर्यटकों की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और मनोरंजक बनाना है।

विभाग द्वारा किए गए निर्माण कार्यों में मुख्य रूप से पहाड़ की तलहटी से ऊपर तक जाने के लिए मजबूत सीढ़ियों का निर्माण शामिल है, जिससे चढ़ाई आसान हो गई है। इसके अलावा, युवाओं और परिवारों के लिए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है।

शाम के समय सुरक्षा और सुंदरता के लिए आधुनिक लाइटों की व्यवस्था की गई है। साथ ही बुनियादी सुविधाओं के तहत सार्वजनिक शौचालय और यात्रियों के आराम करने के लिए यात्री शेड का निर्माण भी कराया गया है। इन सुविधाओं से अब पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कैसे पहुंचे पझरी पहाड़

पझरी पहाड़ की सुंदरता और प्रकृति की मनोरम दृश्य को देखने के लिए पर्यटक छोटे और बड़े वाहनों से आसानी आ सकते है। झारखंड की राजधानी रांची से बेड़ो-चट्टी मार्ग से होते हुए पर्यटक पझरी पहाड़ पहुंच सकते है। रांची से 53 किलोमीटर और लोहरदगा जिला मुख्यालय से इसकी दूरी महज 18 किलोमीटर है।