10 किसानों से 346.01 क्विंटल धान की हुई खरीददारी
किसानों के धान को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम दर पर खरीददारी की दिशा में प्रशासन ने कदम बढ़ाया है।
लोहरदगा : किसानों के धान को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम दर पर खरीददारी की दिशा में प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। इसे लेकर धान अधिप्राप्ति कार्य प्रगति खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2018-019 में धान अधिप्राप्ति हेतु सभी प्रखंडों में धान क्रय केंद्र खोले गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस वर्ष धान अधिप्राप्ति के लिए सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य 1750 रुपया प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। धान क्रय के लिए अंतिम तिथि मार्च 2019 तक तय है। खरीफ विपणन मौसम 2018-19 में न्यूनतम दर पर धान अधिप्राप्ति कार्य पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। धान अधिप्राप्ति केवल पंजीकृत किसानों से ही किया जाएगा। नये किसान अपना निबंधन के लिए विहित प्रपत्र में भरकर सत्यापन के लिए संबंधित अंचल कार्यालय में जमा करेगें। प्रशासन की ओर से जिले के किसानों से अनुरोध किया गया है कि सरकारी दर पर अधिप्राप्ति केन्द्र में ही अपना धान की बिक्री करें। पंजीकृत किसानों को एसएमएस के माध्यम से धान क्रय के लिए सूचित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से बताया जा रहा है कि आज तक कुल 691 किसानों को एसएमएस भेजा गया है। जिसके विपरित 10 किसानों से कुल 346.01 क्विंटल धान की खरीदारी हुई है। स्थानीय किसान अपने क्षेत्र में अवस्थित धान अधिप्राप्ति केंद्र पर भी पंजीकरण हेतु आवेदन प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। जिले के सभी प्रखंड में धान अधिप्राप्ति केंद्र कार्यरत है। जिन किसानों का निबंधन विगत वर्षों में किया हुआ है, उन्हें फिर से निबंधन की जरूरत नहीं है। पूर्व से निबंधित किसानों द्वारा आवश्यकतानुसार सूचनाओं में सुधार एवं नये किसानों के निबंधन हेतु निबंधन प्रपत्र के साथ निर्धारित कागजात संलग्न करना जरूरी हैं। किसान आधार कार्ड, बैंक खाता, भूमि से संबंधित कागजात की छायाप्रति के साथ अपना-अपना मोबाइल नम्बर जरूर दें।