सेन्हा में पेड़ से गिरने से एक की मौत
पेड़ से गिरने से एक की मौत
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के बूटी गांव में ताड़ के पेड़ से गिरने से अधेड़ की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सेन्हा थाना पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मूल रूप से बिहार के गया जिला अंतर्गत शेरघाटी निवासी बसंत चौधरी का पुत्र विनोद चौधरी उम्र (58 वर्ष) 40 वर्ष से बुटी में रह रहा था। वह ताड़ी निकाल कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को बूटी गांव में तालाब के समीप ताड़ के पेड़ में चढ़ा हुआ था, इसी दौरान पेड़ से गिरने से उसके सिर में गंभीर रूप से चोट आई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने ग्रामीणों की सहायता से विनोद को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। इसी दौरान कंडरा के समीप उसकी मौत हो गई। सेन्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाने पर चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। सेन्हा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।