Lok Sabha Polls 2019: मतदान केंद्रों पर मौजूद सुविधाओं की जानकारी लेंगे अधिकारी
Lok Sabha Polls 2019. लोकसभा चुनाव को लेकर जिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत लोगों को मतदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।
लोहरदगा, जासं। लोकसभा चुनाव को लेकर सोमवार को जिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत लोगों को मतदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। कोषांग पदाधिकारी की बैठक सहित अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
लोकसभा चुनाव के दौरान पैसों की आवाजाही पर रोक लगाने और अपराध मुक्त चुनाव को लेकर कुडू थाना क्षेत्र के कई जगहों पर वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। इसमें दो पहिया और चौपहिया वाहनों की जांच की जाएगी। भंडरा प्रखंड कार्यालय में सीओ राजस्व कर्मियों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों और जागरुकता अभियान की समीक्षा करेंगे।
कैरो के विभिन्न केंद्रों में बीडीओ और सीओ द्वारा मतदान केंद्रों की जांच की जाएगी। इस दौरान केंद्र में चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार सुविधाओं की जानकारी ली जाएगी। कैरो प्रखंड के विभिन्न गांवों में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
लोगों को ईवीएम और वीवीपैट मशीन के बारे में जानकारी दी जाएगी। सेन्हा के विभिन्न केंद्रों में बीडीओ और सीओ द्वारा केंद्रों की जांच कर स्थिति की जानकारी ली जाएगी। उपायुक्त कार्यालय में विभिन्न कोषांग के पदाधिकारियों की बैठक होगी।