नई रेल के लिए हम तैयार, बस हरी झंडी का इंतजार : डीआरएम
लोहरदगा दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के डीआरएम नीरज अंबष्ट ने शनिवार को अन्य अधिकारियों के साथ रांची-लोहरदगा-टोरी रेल लाइन का निरीक्षण किया है।
लोहरदगा : दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के डीआरएम नीरज अंबष्ट ने शनिवार को अन्य अधिकारियों के साथ रांची-लोहरदगा-टोरी रेल लाइन का निरीक्षण किया है। डीआरएम ने कहा कि लोहरदगा लाइन पर नई रेल के परिचालन को लेकर स्थानीय डिवीजन पूरी तरह से तैयार है। जैसे ही रेलवे मुख्यालय से इस संबंध में निर्देश प्राप्त होता है, वैसे ही नहीं यात्री रेलगाड़ी का इस लाइन से परिचालन शुरू किया जाएगा। हम इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां कर चुके हैं। डीआरएम ने कहा कि लोहरदगा लाइन के निरीक्षण का उद्देश्य यहां की तमाम व्यवस्थाओं की जानकारी लेना है। कमियों को दूर करने को लेकर उन्होंने निरीक्षण किया है। इस दौरान डीआरएम ने कई महत्वपूर्ण बिदुओं पर जांच की है। जांच के दौरान डीआरएम ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ सफाई, कर्मचारियों की स्थिति, टिकट बिक्री की स्थिति, यात्रियों की सुविधा सहित अन्य बिदुओं पर जांच करते हुए अधिकारियों को आवश्यक जरूरी निर्देश भी दिए हैं। लोहरदगा रेलवे स्टेशन में डीआरएम ने कंट्रोल रूम की जांच की। जहां पर यात्री रेलगाड़ी और मालगाड़ी के आने-जाने की स्थिति सहित अन्य बिदुओं पर जानकारी ली। कंट्रोल रूम में अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश भी दिए। इसके बाद डीआरएम ने स्टेशन परिसर में स्थित दुकानों की जांच भी की। जहां पर दुकानदारों से रेल नीर की मांग की गई। रेल नीर उपलब्ध नहीं होने पर कड़ी फटकार लगाई कहा कि लापरवाही की वजह से रेलवे को काफी फजीहत झेलनी पड़ती है। ऐसा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो नियम और शर्त तय किए गए हैं, उसी के अनुसार काम होना चाहिए। डीआरएम ने टिकट काउंटर का भी निरीक्षण किया। जहां पर साफ-सफाई सहित तमाम विषयों की जानकारी ली। साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब कर स्टेशन प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई। डीआरएम ने कहा कि यहां साफ-सफाई की स्थिति बिल्कुल भी सही नहीं है। इस दौरान उनके साथ सीनियर डीएम नीरज कुमार, सीनियर डीएसटी एआर दास, सीनियर डीईई, डीएन एईएन, एएससी आदि मौजूद थे।