लोहरदगा की 39वीं उपायुक्त के रूप में आकांक्षा रंजन ने लिया पदभार
लोहरदगा जिले में 39वीं उपायुक्त के रूप में आकांक्षा रंजन ने गुरूवार को पदभार ग्रहण किया। नव पदस्थापित उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने निवर्तमान उपायुक्त विनोद कुमार से अपना पदभार लिया।
लोहरदगा : लोहरदगा जिले में 39वीं उपायुक्त के रूप में आकांक्षा रंजन ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। नव पदस्थापित उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने लोहरदगा से स्थानांतरित उपायुक्त विनोद कुमार से पदभार संभाला। मौके पर एक-दूसरे को पुष्पगुच्छ देकर दोनों अधिकारियों ने एक-दूसरे को स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दी। मौके पर डीसी आकांक्षा रंजन ने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारना ही उनकी प्राथमिकता है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी कार्यप्रणाली में शामिल है। जिलेवासी अपनी समस्याओं के निदान को लेकर प्रशासन पर विश्वास करें। हमें एक ठोस और विश्वसनीय प्रशासनिक व्यवस्था देनी है। आकांक्षा रंजन ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं को हल करना और विकास को पूर्ण रूप से धरातल पर उतारना मेरी प्राथमिकता में शामिल है। इसमें सभी के साथ मिलकर काम करना है। मौके पर लोहरदगा से स्थानांतरित उपायुक्त विनोद कुमार ने कहा कि जिलेवासी तथा यहां के सरकारी कर्मचारियों ने लोहरदगा जिले के विकास में उन्हें भरपूर सहयोग दिया। लोहरदगा जिला की याद हमेशा उनके दिल में बना रहेगा। डीसी के प्रभार लेने के बाद जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों ने डीसी आकांक्षा रंजन को बुके भेंटकर स्वागत किया और स्थानांतरित डीसी विनोद कुमार को बुके भेंटकर और माल्यापर्ण कर भावपूर्ण रूप से विदाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी। पदभार लेने के बाद डीसी आकांक्षा रंजन ने जिले के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ औपचारिक बैठक कर लोहरदगा के भौगोलिक स्थिति की जानकारी के साथ विकास के बारे में जाना। मौके पर डीडीसी आर रोनिटा, एसी रंजीत कुमार सिन्हा, एसडीओ ज्योति कुमारी झा के अलावे जिले के कई प्रशासनिक पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।