मसमानों गांव में महिलाओं ने चलाया नशा मुक्ति अभियान
लोहरदगा में नशा के खिलाफ चलाया गया अभियान
संवाद सूत्र, भंडरा (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड के मसमानों गांव में मसमानों गांव निवासी रवि गोप की अगुवाई में ग्रामीण महिलाओं ने नशा मुक्ति अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं ने लोगों के घर जाकर उनके घर में अवैध रूप से बने कच्चे शराब के साथ जावा महुआ को भी नष्ट किया। साथ ही शराब बनाने वालों पर सतत निगरानी रखने की बात कही। महिलाओं ने कहा कि देश में कारोना वायरस संक्रमण वैश्विक महामारी का रूप ले चुका है। ऐसे में गांव पहुंचे प्रवासी मजदूर को स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटाइन कर दिया है। बावजूद गांव में प्रवासी मजदूर सरकार के नियमों का पालन नहीं कर गांव में घूम-घूमकर शराब का सेवन रहे हैं, जो गलत है। प्रवासियों के इस कृत्य को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने महिलाओं के सहयोग से गांव में नशा मुक्ति अभियान चलाया। ताकि किसी के घर में शराब नहीं बन सके। जिससे प्रवासी होम क्वॉरंटाइन की अवधि तक अपने-अपने घरों में ही रहें। इस अभियान में गांव की दर्जनों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अभियान को सफल बनाया।