लोहरदगा की जामा मस्जिद और मजार में तोड़फोड़ पर बवाल, नेपाल का युवक पकड़ाया
लोहरदगा की जामा मस्जिद और मजार शरीफ में धार्मिक ग्रंथ को नुकसान पहुंचाने और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है।

जामा मस्जिद और मजार में तोड़फोड़ पर बवाल
HighLights
जामा मस्जिद और मजार शरीफ में धार्मिक ग्रंथ को नुकसान।
नेपाल के नौशाद अंसारी नामक युवक को पुलिस ने पकड़ा।
पुलिस मानसिक स्थिति और साजिश के एंगल से कर रही जांच।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। शहर के जामा मस्जिद और हजरत बाबा दुखन शाह के मजार शरीफ में मंगलवार देर रात लगभग 2.00 से 2.30 के बीच कथित तौर पर धार्मिक ग्रंथ को जलाकर नुकसान पहुंचाने और तोड़फोड़ और पवित्र स्थल को निशाना बनाकर अपमानित करने की कोशिश का मामला सामने आया है। इसके बाद बुधवार को माहौल गरमा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुस्लिम समाज के लोगों ने एक युवक को पकड़ कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुस्लिम समाज के लोग आंदोलित हो गए
प्रारंभिक पूछताछ और उसके स्वजनों से मिली जानकारी के आधार पर युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। इधर, मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक द्वारा किए गए कृत को लेकर सैंकड़ों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग आंदोलित हो गए और जामा मस्जिद के सामने बुधवार सुबह 11.30 से लेकर एक बजे के बीच सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

समाज के लोगों का कहना था कि युवक के व्यवहार, कृत और उसके बयान से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसे किसी विशेष साजिश के तहत संयोजित तरीके से इस कार्य को अंजाम करने देने के लिए किसी गिरोह द्वारा यहां भेजा गया था। इस मामले की गहराई से जांच की जाए और साजिश में शामिल लोगों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए।
मजार की चादर फेंकने और कुरान को नुकसान पहुंचाने का आरोप
अंजुमन इस्लामिया की ओर से सदर थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में स्पष्ट है कि नौ सितंबर की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर समाज के लोग जामा मस्जिद पहुंचे। वहां एक युवक को लोग पकड़ कर रखे हुए थे। आरोप है कि युवक ने जामा मस्जिद और मजार शरीफ में प्रवेश कर तोड़फोड़ की तथा कुरआन शरीफ को फाड़ने और जलाने का प्रयास किया।

मजार पर चढ़ाई गई चादर को भी इधर-उधर फेंकने की बात आवेदन में कही गई है। आवेदन के मुताबिक, पकड़े जाने के बाद युवक से पूछताछ करने पर उसने आगे भी तोड़फोड़ होने जैसी बात कही।

इसके बाद लोगों को आशंका हुई कि कहीं घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। अंजुमन इस्लामिया ने लोहरदगा पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जांच कर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
नेपाल का रहने वाला है युवक
सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के अनुसार हिरासत में लिए गए युवक की पहचान हजरत अंसारी का पुत्र नौशाद अंसारी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नेपाल के मधेश प्रदेश के सप्तरी जिले के राजविराज क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

पुलिस की जांच में यह भी जानकारी मिली है कि बिहार के अररिया जिले में उसका ननिहाल है और मौसा का नाम नौशाद अंसारी है। वह लोहरदगा कैसे पहुंचा और मंगलवार देर रात में मस्जिद परिसर में कैसे प्रवेश किया, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
मॉब लिंचिंग की हो सकती थी आशंका
सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि समय पर पुलिस के पहुंचने से स्थिति नियंत्रित रही। यदि पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो युवक के साथ भीड़ द्वारा हिंसा की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि युवक के परिवार वालों से पूछताछ में उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। हालांकि घटना के पीछे किसी साजिश या अन्य व्यक्ति की भूमिका से जुड़े आरोपों की भी पुलिस जांच करेगी।

अंजुमन इस्लामिया के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस युवक की मानसिक स्थिति की भी जांच कराएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें- लोहरदगा में ट्रक ऑनर एसोसिएशन का बड़ा आंदोलन, 21 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
यह भी पढ़ें- लोहरदगा में नशेड़ी ड्राइवर ने बिजली के पोल तोड़ते हुए डेढ़ KM तक घसीटा, बाल-बाल बचे लोग
