लोहरदगा में नशेड़ी ड्राइवर ने बिजली के पोल तोड़ते हुए डेढ़ KM तक घसीटा, बाल-बाल बचे लोग
लोहरदगा में एक नशेड़ी ट्रक चालक ने बिजली के कई पोल तोड़ते हुए डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, जिससे बड़ा हादसा ...और पढ़ें

नशेड़ी ड्राइवर ने बिजली के पोल तोड़ते हुए डेढ़ KM तक घसीटा
HighLights
नशेड़ी ड्राइवर ने बिजली के कई पोल तोड़े।
ट्रक ने पोल को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा।
बड़ा हादसा टला, ड्राइवर मौके से फरार।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। शहर में रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक बेकाबू खाली बाक्साइट ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के कई पोल को तोड़ते हुए आगे बढ़ता चला गया। ट्रक संख्या जेएच08-एफ 4329 ने शहर के ब्लॉक मोड़ के पास बिजली पोल को अपनी चपेट में लिया।
इसके बाद एक-एक कर कई बिजली पोल को तोड़ डाला, इसमें एक पोल ट्रक में फंस गया और नशे में धूर्त ट्रक चालक करीब डेढ़ किलोमीटर तक उसे सड़क पर घसीटता रहा। ट्रक के आगे बढ़ने के दौरान बिजली के तार सड़क पर फैल गए। इससे मार्ग पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
ट्रक की चपेट में आने से रास्ते में कई दोपहिया और चाैपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। छोटे वाहन चालकों ने किसी तरह मौके से हटकर अपनी जान बचाई। बिजली के तार सड़क पर बिखरने से राहगीरों में भी भय का माहौल बना रहा।

पावरगंज चौक से पहले चालक ने ट्रक रोक दिया और वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक के एक साइड में फंसे बिजली पोल के बीच सड़क पर खड़ा कर ट्रक चालक के फरार होने के बाद लोहरदगा-गुमला-रांची मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
रूट डायवर्ट कर पुलिस ने संभाली स्थिति
इस घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस, गश्ती दल और मोटरसाइकिल दस्ता मौके पर पहुंचा। स्थानीय पुलिस के सहयोग से पावरगंज चौक के पास वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया। इससे मुख्य मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही और वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी ओर सड़क पर पोल और बिजली तार फैले होने के कारण यातायात सामान्य कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
