मां जगदंबे की प्रतिमा का किया जा रहा श्रृंगार
जागरण संवाददाता लोहरदगा दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर हर और उल्लास नजर आ रहा है।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर हर और उल्लास नजर आ रहा है। श्रद्धालु माता के दर्शन को लेकर लालायित नजर आ रहे हैं। महासप्तमी से पहले माता की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में मूर्तिकार जुटे हुए हैं। माता का श्रृंगार किया जा रहा है। महासप्तमी के दिन यहां पर पूजा पंडालों के पट खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही भक्त माता के दर्शन कर पाएंगे। नवरात्र पाठ के आयोजन से भक्ति की धारा बह रही है। पुरोहित माता की अराधना को लेकर पाठ कर रहे हैं। जैसे-जैसे समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे प्रतिमाओं को अंतिम रूप प्रदान करने को लेकर मूर्तिकार दिन-रात जुटे हुए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में एक समान उत्साह दिखाई दे रहा है। बंगाल, रांची सहित कई स्थानों से आए हुए मूर्तिकार प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। लोहरदगा शहरी क्षेत्र से लेकर प्रखंड मुख्यालय, ग्रामीण क्षेत्र और प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में भी पूजा आयोजन किया जा रहा है। अलग-अलग दुर्गाबाड़ी, पूजा पंडाल, घरों और सार्वजनिक स्थानों में भी पूजा पाठ की तैयारी चल रही है। कई स्थानों पर पहले दिन से ही कलश की स्थापना करते हुए माता की आराधना की जा रही है। माता की प्रतिमा का श्रृंगार होने से अब श्रद्धालु माता के दर्शन को व्याकुल नजर आ रहे हैं। मूर्तिकारों द्वारा पूरे समर्पण भाव के साथ प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। लोहरदगा जिले में दुर्गा पूजा का आयोजन हमेशा से ही काफी उत्साहजनक रहा है। विद्युत साज-सज्जा, पंडालों का निर्माण और विधि व्यवस्था को लेकर यहां पर हर साल प्रतियोगिताओं का आयोजन होता था, परंतु कोविड-19 के कारण विगत दो वर्ष से ऐसा नहीं हो रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह में कोई भी कमी दिखाई नहीं दे रही है।