सूने मकान में 3 बच्चियों से बार-बार दुष्कर्म, डरा-धमका कर रखता था चुप; झारखंड पुलिस ने भेजा जेल
लोहरदगा के सेन्हा में तीन मासूम बच्चियों से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपित फहद अंसारी बच्चियों को ...और पढ़ें

सूने मकान में 3 बच्चियों से बार-बार दुष्कर्म, डरा-धमका कर रखता था चुप; झारखंड पुलिस ने भेजा जेल
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहां एक ही गांव की तीन मासूम सहेलियों के साथ सामूहिक रूप से यौन शोषण और दुष्कर्म करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
इस हैवानियत की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेन्हा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 अक्टूबर 2026 को कांड संख्या 112/26 में पोक्सो एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता के स्वजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में स्पष्ट है कि गांव के ही मंजूर अंसारी के पुत्र फहद अंसारी ने इस घिनौने कृत्य को किया है। आरोपित युवक अक्सर तीनों बच्चियों को अकेला पाकर उन्हें बिस्कुट, चॉकलेट और पैसों का लालच देता था।
इसके बाद वह उन्हें बहला-फुसलाकर अपने एक पुराने और सूने पड़े मकान में ले जाता था, जहां वह मासूमों के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देता था।
जान से मारने की धमकी देकर कराया चुप
हैरानी और दुख की बात यह है कि आरोपित फहद अंसारी तीनों मासूम बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाने के बाद उन्हें लगातार डराता-धमकाता था।
उसने तीनों सहेलियों को सख्त हिदायत दी थी कि यदि इस बारे में अपने घर पर किसी को भी कुछ बताया तो वह उन तीनों को जान से मार डालेगा।
इसी खौफ की वजह से मासूम बच्चियां कई दिनों तक खामोश रहीं और अंदर ही अंदर इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना को झेलती रहीं।
बच्ची को फिर बुलाने पर खुली आरोपित की पोल
इस पूरे मामले का खुलासा रविवार को तब हुआ, जब आरोपित फहद अंसारी ने एक बार फिर पीड़िता को अपने पुराने घर बुलाने की कोशिश की।
आरोपित के लगातार बढ़ते हौसलों और डर से घबराकर उन तीनों बच्चियों में एक पीड़ित मासूम बच्ची ने हिम्मत जुटाई और अपनी मां को रोते हुए आपबीती सुना दी।
उसने मां को बताया कि आरोपित न सिर्फ उसके साथ बल्कि उसकी दो अन्य सहेलियों के साथ भी लगातार गलत काम कर रहा है।
जैसे ही पीड़िता की मां और स्वजनों को इस दरिंदगी का पता चला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिसके बाद स्वजन तुरंत एकजुट होकर ग्रामीणों को लेकर सेन्हा थाना पहुंचे और मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद सेन्हा थाना पुलिस ने मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए तुरंत प्राथमिकी दर्ज किया।
सेन्हा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया।
साथ ही पीड़िताओं की मेडिकल जांच व न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई। थानेदार ने पीड़ित के स्वजनों और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और कानून पर भरोसा रखने की अपील की।
