लोहरदगा की संजना जापान में दिखाएंगी जलवा, एशिया पैरा गेम्स में संभालेंगी भारत की कमान
लोहरदगा की पारा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी 2026 एशिया पैरा गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने जापान रवाना हुई हैं।

लोहरदगा की संजना कुमारी एशिया पैरा गेम्स में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व
HighLights
संजना कुमारी एशिया पैरा गेम्स 2026 में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व।
वह वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर हैं।
झारखंड सरकार से सहायता न मिलने पर चिंता जताई गई।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। जिले की पारा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी आगामी 18-24 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया प्रांत और नागोया शहर में आयोजित एशिया पैरा गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए संजना मंगलवार को जापान के लिए रवाना हुईं। उनका चयन झारखंड से बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो राज्य के लिए गौरव की बात है।
संजना की वर्ल्ड रैंकिंग 13
संजना कुमारी वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर हैं। वह एसएल 3 श्रेणी के एकल वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगी। संजना लखनऊ बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर में कोच गौरव खन्ना के मार्गदर्शन में कड़ा अभ्यास कर रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए वह लगातार अपनी तैयारी में जुटी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रही संजना को अब तक झारखंड सरकार की ओर से सहायता नहीं मिलने की बात सामने आई है।
एशिया पैरा गेम्स जैसी बड़ी प्रतियोगिता के लिए चयनित होना ही खिलाड़ी की मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है। ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आर्थिक सहयोग के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
