विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिले में 35 में से 15 पंप बंद, लोहरदगा में गहराया डीजल-पेट्रोल का संकट; क्या आपके इलाके का पेट्रोल पंप भी बंद है?

Published: Fri, 24 Apr 2026 03:16 PM (IST)Updated: Sat, 25 Apr 2026 11:03 AM (IST)

लोहरदगा में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत है, जिससे 35 में से 15 पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं। ...और पढ़ें

जिले के 35 पेट्रोल पंप में से 15 पंप में नहीं है डीजल-पेट्रोल। (फोटो: जागरण)

 जिले के 35 पेट्रोल पंप में से 15 पंप में नहीं है डीजल-पेट्रोल। (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. लोहरदगा जिले के 35 में से 15 पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं।

  2. बीपीसीएल के पेट्रोल पंप सबसे अधिक प्रभावित, कई जगह बंद।

  3. दक्षिण छोटानागपुर पेट्रोलियम एसोसिएशन ने चिंता जताई।

विक्रम चौहान, लोहरदगा। लोहरदगा: वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों के आवागमन में आ रही बाधाओं का सीधा असर अब लोहरदगा की सड़कों पर दिखने लगा है।

जिले में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत के कारण आम जनजीवन बेपटरी हो गया है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि जिले के कुल 35 पेट्रोल पंपों में से 15 पंपों पर तेल पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिसके चलते कई संचालकों ने पंपों पर ताले लटका दिए हैं।
बीपीसीएल के पंप सबसे अधिक प्रभावित

इस संकट की सबसे बड़ी मार भारत पेट्रोलियम (BPCL) के पंपों पर पड़ी है। हालांकि, इंडियन ऑयल और एचपी के पंप भी इस किल्लत से अछूते नहीं हैं। कई स्थानों पर संचालक मशीन खराब होने का बहाना बना रहे हैं, तो कहीं केवल प्रीमियम पेट्रोल ही उपलब्ध होने की बात कहकर ग्राहकों को लौटाया जा रहा है।

इसका सीधा असर पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं पर पड़ने की आशंका गहरा गई है।

समय पर आपूर्ति न होने से संचालकों में रोष

आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भगवानी फ्यूल्स सेंटर के संचालक के अनुसार, दो टैंकरों का एडवांस भुगतान करने के बावजूद चार दिन बाद केवल एक टैंकर की डिलीवरी मिली, जिसके कारण 24 घंटे पंप बंद रखना पड़ा।

किस्को मोड़ और पतराटोली स्थित पंपों की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। ग्रामीण इलाकों में तो स्थिति और भी बदतर है, जहाँ कई दिनों से तेल की एक बूंद भी उपलब्ध नहीं है।

एसोसिएशन और प्रशासन का रुख

दक्षिण छोटानागपुर पेट्रोलियम एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अपूर्व पोद्दार ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यदि आपूर्ति में तत्काल सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में स्थिति भयावह हो सकती है।

अधिकारी का बयान

पेट्रोल पंपों की वर्तमान स्थिति और स्टॉक की जांच की जाएगी। उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसके लिए हम संचालकों से बात कर रहे हैं और जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।
— अमित कुमार, एसडीओ, लोहरदगा