तीन पुलिसकर्मी सहित नौ नए कोरोना संक्रमित मिले
लोहरदगा जिले में गुरुवार को नौ नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इन संक्रमितों में सदर थाना के तीन पुलिसकर्मी एक मेडिकल स्टाफ एक महिला और चार प्रवासी कामगार शामिल हैं। मेडिकल स्टाफ शहरी क्षेत्र का रहने वाला है जबकि प्रवासी कामगार किस्को प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले हैं।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले में गुरुवार को नौ नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इन संक्रमितों में सदर थाना के तीन पुलिसकर्मी, एक मेडिकल स्टाफ, एक महिला और चार प्रवासी कामगार शामिल हैं। मेडिकल स्टाफ शहरी क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि प्रवासी कामगार किस्को प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले हैं। संक्रमित पुलिसकर्मी सदर थाना में पदस्थापित हैं। वहीं संक्रमित महिला मरीज शहरी क्षेत्र की है। कोरोना वायरस से संक्रमित सभी नौ लोगों को तत्काल शहरी क्षेत्र के बालिका आवासीय विद्यालय परिसर स्थित नए कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। इन सभी संक्रमित पर चिकित्सक नजर बनाए हुए हैं। सभी संक्रमित बिना लक्षण वाले हैं। इसके साथ ही लोहरदगा जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 92 पहुंच गई है। इनमें 55 लोग स्वस्थ्य होकर अपने-अपने घर जा चुके हैं। बताया जाता है कि सदर थाना के तीन पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने के बाद सदर थाना परिसर से दो एएसआइ, तीन पुलिसकर्मी और एसएसआइ परिवार के तीन सदस्य समेत कुल आठ लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। गुरुवार को संक्रमित मिले तीनों पुलिसकर्मी सिस्टम क्वारंटाइन में थे। कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि के बाद पुलिसकर्मियों को कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक मेडिकल स्टाफ के संक्रमित की पुष्टि होने के बाद उसे तत्काल कोविड-10 केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया। साथ ही उसके परिवार के सदस्यों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। शहरी क्षेत्र की रहने वाली महिला के संक्रमित होने की पुष्टि के बाद यह पता चला कि उक्त महिला का इलाज रांची के अस्पताल में चल रहा था। जहां उसका गर्भपात भी हो गया और कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई है। दूसरी ओर आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा कृष्णा नगर से लोहरदगा के किस्को प्रखंड में विगत 3 जून को लौटे कुल नौ लोगों को सिस्टम क्वारंटाइन किया गया था। इसमें चार लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी प्रवासी कामगार बस से लोहरदगा पहुंचे थे। नौ लोगों में एक कुडू प्रखंड और एक रांची के मांडर क्षेत्र का रहने वाला था। इसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। प्रवासी कामगारों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चारों को कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग इनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। लोहरदगा जिले में खास कर शहरी क्षेत्र में कोविड-19 के नए मामले सामने आने के बाद लोगों की चिता बढ़ चुकी है। अभी भी कई लोगों की जांच की जा रही है। जिनके रिपोर्ट आने का स्वास्थ्य विभाग को इंतजार है।