ईद को लेकर बाजार हुआ गुलजार
लोहरदगा : रमजान माह और रोजा का तोहफा ईद को लेकर उमंगें अब उड़ान ले रही है। ईद को ले बाजार गुलजार हो
लोहरदगा : रमजान माह और रोजा का तोहफा ईद को लेकर उमंगें अब उड़ान ले रही है। ईद को ले बाजार गुलजार हो चुके हैं। बस सभी को ईद की चांद का इंतजार है। चंद दिनों या कहें कि चंद घंटों का समय ही अब ईद में बचा हुआ है। ईद को लेकर छाए उल्लास के बीच बाजार भी हिलोरें ले रहा है। खुशी के इस त्योहार का सबसे ज्यादा इंतजार बच्चों में नजर आ रहा है। बच्चे तो जैसे अभी से ही ईद के रंग में रंगे हुए हैं। जैसे-जैसे समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे इंतजार भी कठिन होता जा रहा है। ईद के इंतजार में मुस्लिम धर्मावलंबी बेताब हैं। रमजान का पाक महीना जैसे-जैसे समाप्त हो रहा है और ईद का दिन नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे बाजार में भी रौनक बढ़ती जा रही है। लोग कपड़ा, जूता-चप्पल, सेवई, मेवा आदि की खरीदारी के लिए उमड़ रहे हैं। सुबह और शाम में तो जैसे मेला सा माहौल बन जा रहा है। बाजार में रौनक छाई हुई है। बाजार की रौनक ने दुकानदारों का उत्साह भी बढ़ा दिया है। यही नहीं बाजार के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय के घरों में भी साफ-सफाई, रंग-रोगन का काम चल रहा है। जिससे रमजान और ईद की खुशियां और बढ़ती जा रही है। ईद को लेकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। विशेषकर बच्चों में ईद को ले खासा उत्साह नजर आ रहा है। सजी है दुकानें उमड़ रहे ग्राहक
लोहरदगा : ईद को लेकर लोहरदगा में बाजारों की रौनक बढ़ चुकी है। दुकानें सजी है और दुकानों में ग्राहक उमड़ रहे हैं। ग्राहकों की मांग के अनुरूप व्यापारियों ने खास इंतजाम किए हैं। अलग-अलग प्रकार के परिधान से अस्थायी और स्थायी दुकानें सजी हुई है। चारों ओर मेले से माहौल नजर आ रहा है। सुबह से लेकर शाम तक दुकानों में ग्राहक दिखाई दे रहे हैं। जैसे-जैसे ईद का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे ग्राहकों की संख्या भी न सिर्फ बढ़ रही है बल्कि बाजार भी आधी रात तक खुला रह रहा है। लखनवी कुर्ता और सलवार सूट की है मांग
लोहरदगा : बाजार में ईद के मौके पर कपड़े दुकानों में सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है। इसके अलावा सेवई, किराना, सजावट, जूता आदि दुकानों में भी भीड़ लगी हुई है। लखनवी कुर्ता और सलवार सूट की मांग सबसे अधिक है। इसके अलावा बाबा सूट की मांग भी देखी जा रही है। तरह-तरह के जूते खरीदे जा रहे हैं। बाजार में उत्साह का माहौल है। कई सालों के बाद ईद का त्योहार एक बेहतर मौसम और खुशनुमा माहौल के बीच नजर आ रहा है।