लोहदरगा में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में प्रखंड प्रमुख गिरफ्तार, पीड़िता के परिवार को धमकी देने का आरोप
लोहरदगा में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पीड़िता के परिवार को धमकी देने के आरोप में कुडू की प्रखंड प्रमुख को गिरफ्तार किया गया है। उनके बेटे और ड्राइवर फरार हैं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में प्रखंड प्रमुख गिरफ्तार।
पीड़िता के परिवार को धमकी देने का आरोप।
बेटे और ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पीड़िता के परिवार को धमकी देने के आरोप में प्रखंड प्रमुख को सोमवार शाम गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, इस मामले में नामजद आरोपित उनके बेटे और ड्राइवर फरार हैं। थाना प्रभारी नीरज झा ने प्रखंड प्रमुख की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को विगत 21 अक्टूबर को दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि प्रखंड प्रमुख के बेटे ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। इस घटना के कारण नाबालिग गर्भवती हो गई थी।
पीड़िता के पिता के आवेदन पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 351(3), 202(3) और पाक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया था कि मामले को खत्म करने का दबाव बनाया गया था और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई थी।
उन्होंने प्रखंड प्रमुख और उनके ड्राइवर पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- SIR झारखंड में कई जिलों में फर्जी जन्म प्रमाणपत्रों का खुलासा, गढ़वा-रांची और पाकुड़ में कार्रवाई के निर्देश