Lok Sabha Polls 2019: लोहरदगा के आयुष अस्पताल को है चिकित्सकों की जरूरत
Lok Sabha Polls 2019. लोहरदगा में आयुष अस्पतालों की हालत पर किसी का भी ध्यान नहीं है। यहां भवन तो है पर ना तो संसाधन है और ना ही चिकित्सक।
लोहरदगा, [राकेश कुमार सिन्हा]। लोहरदगा में आयुष अस्पतालों की हालत पर किसी का भी ध्यान नहीं है। यहां भवन तो है पर ना तो संसाधन है और ना ही चिकित्सक। आयुष अस्पतालों में मरीजों का इलाज नहीं होता। यहां पर नियुक्त कर्मचारी सिर्फ हाजिरी बनाते हैं। इलाज भला हो भी तो कैसे। इन अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में चिकित्सक तक नहीं हैं।
कई सालों से दवाओं का आवंटन भी नहीं हुआ है। अस्पताल के ज्यादातर भवनों की हालत भी खराब है। ऐसे में आयुष अस्पताल महज दिखावा बनकर रह गए हैं। आज भी आयुष चिकित्सा व्यवस्था पर भरोसा करने वाले कई लोग हैं। आयुष चिकित्सा के भरोसे ही उन्हें अपने इलाज की उम्मीद होती है।
इसके बाद भी आयुष चिकित्सा व्यवस्था में सुधार को लेकर जनप्रतिनिधि स्तर से कोई प्रयास नहीं हुआ है। कोई भी उम्मीदवार इसे चुनावी मुद्दा नहीं बनाता। आयुष चिकित्सा व्यवस्था में सुधार को लेकर इसे कभी भी घोषणा पत्र में शामिल नहीं किया गया है। ऐसा नजर आता है कि प्रतिनिधियों की नजर में यह कोई समस्या है ही नहीं।