विशेष ट्रेन से लोहरदगा पहुंचे 1159 कामगार
लोहरदगा में कामगार स्पेशल ट्रेन से पहुंचे
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : कामगारों का लगातार अपने घर-अपने जिला लौटना जारी है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जंक्शन से शनिवार को कुल 1159 यात्रियों को लेकर कामगार स्पेशल ट्रेन लोहरदगा स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन से लोहरदगा जिला के 431 और गुमला जिला के 728 लोग उतरे। लोहरदगा जिला प्रशासन की ओर से कामगारों को अल्पाहार व पीने के पानी उपलब्ध कराया गया। इसके बाद सभी कामगारों को उनके लिए चिन्हित वाहनों से उनके प्रखंड मुख्यालय पहुंचाया गया। ट्रेन से उतरे सभी कामगारों के स्वास्थ्य की जांच रेलवे स्टेशन पर थर्मल गन द्वारा की गई। सदर अस्पताल लोहरदगा के चिकित्सीय टीम द्वारा थर्मल गन के जरिये जांच की गई। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की व्यवस्था चाक-चौबंद थी। प्लेटफार्म पर यात्रियों के उतरने से लेकर बसों में चढ़ने तक के रास्ते में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए थे। जिला प्रशासन की टीम ने पहले लोहरदगा जिले के कामगारों को बारी-बारी व सुव्यवस्थित तरीके से उनके प्रखंड मुख्यालय के लिए बसों से रवाना किया गया। फिर गुमला जिला के कामगारों को बसों में बैठाकर भेजा गया। मौके पर डीआरडीए निदेशक अखौरी शशांक सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुशील टुडू, जिला परिवहन पदाधिकारी अमित बेसरा, श्रम अधीक्षक धीरेंद्र महतो, सचिव बाजार समिति अभय कुमार, नियोजन पदाधिकारी संदीप किस्पोटा, सभी अंचलाधिकारी, स्टेशन मास्टर रॉबर्ट एक्का, उद्घोषक शिक्षक अरुण राम, शिक्षक गणेश लाल पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।