शोभायात्रा में मां अंबे के जयकारे से गूंजा शहर
लोहरदगा में भव्य कलश यात्रा निकली
संवाद सहयोगी, लोहरदगा : जिले में भक्ति की धारा बह निकली है। भक्तिभाव के साथ नवरात्र का शुभारंभ हो चुका है। भक्तों द्वारा लोहरदगा शहरी क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकालकर माता रानी का स्वागत किया गया है। शोभायात्रा में युवतियां, बालिकाएं, युवा, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, केंद्रीय दुर्गापूजा समिति के प्रतिनिधि, विभिन्न पूजा पंडालों के सदस्य शामिल हुए। शहर के पावरगंज चौक से लेकर गुदरी बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर तक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इससे पहले लोग शहर के पावरगंज चौक में पहुंचे। जहां से विधिवत रूप से शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा में माता रानी के जयकारे लगाए जा रहे थे।
जय माता दी, जय मां अंबे के जयकारों से पूरा शहर गूंज रहा था। शोभायात्रा में शामिल लोग केशरिया वस्त्र धारण किए हुए हाथों में भगवा झंडा लेकर माता रानी का जयकारा लगा रहे थे। ढोल नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकाले गए शोभा यात्रा की भव्यता देखते ही बन रही थी। शोभायात्रा में हर उम्र और वर्ग के लोग शामिल हुए। इसके साथ ही 9 दिनों तक चलने वाले भव्य नवरात्र का आगाज भी हो चुका है।
केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति द्वारा अलग-अलग दिनों में कई प्रकार के आयोजन भी किए जाएंगे। जिसकी औपचारिक शुरुआत नवरात्रा के शुभारंभ के साथ ही कर दी गई है। शोभायात्रा में शामिल लोगों ने नवरात्र को लेकर माता रानी की प्रार्थना भी की। शोभायात्रा में समिति के अध्यक्ष सुमित राय, दीपक सर्राफ, नीरज साहू, अभिषेक किसलय, सजल कुमार, सूरज अग्रवाल, तुषार कुमार, संदीप पोद्दार, दुर्गा प्रजापति, अक्षय कांस्यकार, राजेंद्र खत्री, प्रेम प्रजापति, मोहन दुबे, गोलू सिंह आदि शामिल थे।