घायल युवक की इलाज के दौरान हुई मौत, गांव में बवाल
.. पुलिस की लापरवाही और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को ले उग्र हुए ग्रामीण .. माहौल तनावपूर्ण होने पर आराहांसा गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात .. ठोस कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला हुआ शांत .. विगत 9 अक्टूबर को आराहांसा गांव में युवक को चार लोगों ने पीट कर कर दिया था घायल .. सोमवार को रांची में इलाज के दौरान युवक की हुई मौत .. घटना को लेकर दैनिक जागरण में खबर हुई थी प्रकाशित
जागरण न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा : सेन्हा थाना के आराहांसा गांव में नौ अक्टूबर को मारपीट में घायल एक युवक की इलाज के क्रम में सोमवार को मौत हो गई। रांची के एक निजी अस्पताल में हुई मौत की सूचना गांव पहुंचते ही बवाल मच गया। ग्रामीण इस मामले में पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज थे। वे अविलंब युवक से मारपीट के चार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस बात को लेकर सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष गांव में जमा हो गए। ग्रामीण लोहरदगा में डीसी के समक्ष बात रखने की तैयारी कर रहे थे। इसकी भनक मिलते ही भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस निरीक्षक जेपीएन चौधरी, सेन्हा थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद साहू भारी संख्या में जवानों को ले मौके पर पहुंच गए। गांव में भारी संख्या में महिला और पुरुष जवानों को तैनात कर दिया गया। मालूम हो कि पुलिस को मामले की सूचना 10 अक्टूबर को ही दी गई थी लेकिन पुलिस ने 11 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की लेकिन आरोपितों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब थाना प्रभारी और पुलिस निरीक्षक आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी में जुट गए हैं।
क्या है पूरा मामला
नौ अक्टूबर की रात आराहांसा गांव निवासी सोमा मुंडा का पुत्र फागू मुंडा (24) पड़ोस में ही अंतु मुंडा के पुत्र अंशु मुंडा के घर पर नागेश्वर उरांव और दो अन्य लोगों के साथ खा-पी रहा था। तभी किसी बात को लेकर फागू मुंडा की अन्य लोगों के साथ विवाद हो गया। जिसके बाद हुई मारपीट में फागू मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गया था। हो-हल्ला की आवाज सुनकर वहां पहुंची फागू मुंडा की पत्नी मुनिका देवी उसे घटना के अगले दिन इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां से 11 अक्टूबर को फागू को बेहतर इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से रांची रेफर कर दिया गया था।