लोहरदगा में बंद असरदार, सड़क पर उतरे सांसद-विधायक
जागरण न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा : पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ का
जागरण न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा : पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस द्वारा सोमवार को घोषित भारत बंद का लोहरदगा जिले में व्यापक असर रहा। कांग्रेस द्वारा घोषित बंद का संपूर्ण विपक्ष का साथ मिला। बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के कद्दावर नेताओं ने खुद ही मोर्चा संभाल रखा था। राज्य सभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह लोहरदगा विधायक सुखदेव भगत ने खुद शहर की सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाया। डीजल-पेट्रोल और गैस की कीमत में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस द्वारा भारत बंद के दौरान लोहरदगा के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि कांग्रेस के दो बड़े नेता खुद से बंद को सफल बनाने के लिए पहले मोटरसाइकिल में एक साथ सवार होकर सड़क पर निकले फिर जुलूस की शक्ल में शहर की सड़कों पर घूमकर बंद में आमजनों का सहयोग मांगा। कांग्रेस के अब तक के इतिहास में किसी भी बंदी के दौरान कद्दावर नेताओं द्वारा खुद नेतृत्व करने का मामला लोहरदगा में नहीं रहा है। सुबह में जब कांग्रेस के जिलाध्यक्ष साजिद अहमद चंगू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता मोटरसाइकिल जुलूस के साथ सड़क पर उतरे तो लगा कि यह बंद भी कार्यकर्ताओं के नाम ही रहेगा, पर दो घंटे बाद ही रास सांसद और विधायक सुखदेव भगत के एक साथ मोटरसाइकिल में बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे। कहीं पर टायर जलाकर आवागमन को प्रभावित करने की कोशिश हुई तो कहीं पर कांग्रेस नेताओं का प्रभाव देखने को मिला। बंद के दौरान लोहरदगा शहर से लेकर प्रखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 402 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई। जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। क्या रहा सड़क का हाल, कैसे गुजरा दिन
लोहरदगा : कांग्रेस के भारत बंद को झारखंड विकास मोर्चा, वामदल समेत अन्य विपक्षी दलों ने अपना-अपना नैतिक समर्थन दिया। बंदी को सफल बनाने के लिए रास सांसद धीरज प्रसाद साहू, स्थानीय विधायक सह कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत के साथ सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर बंद को सफल बनाने में जुटे रहे। झाविमोऔर वामदल के कार्यकर्ताओं ने भी सड़क पर उतरकर बंद को सफल बनाने का काम किया। इसी क्रम में पुलिस ने सभी बंद समर्थकों को हिरासत में लेकर कैंप जेल ले गई लोहरदगा शहरी क्षेत्र से लेकर प्रखंड क्षेत्र से कुल 402 बंद समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र से 212, किस्को थाना से 61, कुडू थाना से 35, कैरो थाना से 22, सेन्हा थाना से 39, भंडरा थाना से 33 बंद समर्थक गिरफ्तार किए गए। बंद को लेकर सड़क यातायात व परिवहन व्यवस्था प्रभावित रही। जबकि रेल यातायात व्यवस्था सामान्य रही। बंदी में बाक्साइट वाहनों का परिचालन भी नहीं हुआ। बंदी में यात्री वाहन का परिचालन नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री बस नहीं चलने से बस स्टैंड में सन्नाटा पसरा रहा। दूसरी ओर बंदी में उपद्रवियों से निपटने के लिए लोहरदगा पुलिस पूरी तरह से सजग रही। मुख्य सड़क से लेकर चौक-चौराहों पर सशस्त्र बल की तैनाती की गई थी। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कंट्रोल रूम से बंदी का हाल जानते रहे। बंदी के दौरान एसडीओ ज्योति कुमारी झा, एसडीपीओ अर¨वद कुमार वर्मा एवं इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद दल-बल के साथ पूरी तरह से मुस्तैद नजर आएं।