हिडाल्को की गलत नीति के खिलाफ होगा जनआंदोलन : वकील खान
लोहरदगा में यूनियन के सदस्यों ने की बैठक बनाई आंदोलन की रणनीति
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : हिडाल्को की गलत नीति के खिलाफ जनआंदोलन को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को इंटक यूनियन के साथ झारखंड पठारी चंदवा बाक्साइट ट्रक आनर एसोसिएशन, लोहरदगा-गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन की संयुक्त बैठक राजेंद्र भवन में इंटक यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष वकील ़खान की अध्यक्षता में हुई। जिसमें हिडाल्को कंपनी के जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आगामी 23 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम को सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। मौके पर सभी यूनियन के नेताओं ने एकमत होकर इस आंदोलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने पर अपनी सहमति व्यक्त की। मौके पर वकील खान ने कहा कि हिडाल्को के खिलाफ आंदोलन का बिगूल फूंक दिया गया है, इसे अब जनआंदोलन बनाया जाएगा। लोहरदगा और गुमला जिले से हजारों की संख्या में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।हिडालको कंपनी के नीतियों से आज सभी त्रस्त हैं। हिडाल्को कंपनी को खनन कार्य के लिए अपना जमीन देने वाले भू-दाता, खनन कार्य में लगे मजदूर वर्ग, बाक्साइट व्यवसाय से जुड़े ट्रक मालिक, इस क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार के साथ-साथ आम जनता प्रभावित हैं। ऐसे में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक हिडाल्को कंपनी सभी समस्याओं का हल नहीं निकालती और इंटक यूनियन की मांगों को नहीं मानती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में इंटक के उपाध्यक्ष सुखैर भगत, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष साजिद अहमद चंगू, कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी डा. अजय शाहदेव, नेसार अहमद, शकील अहमद, वार्ड पार्षद कमलेश कुमार, ट्रक आनर एसोसिएशन के अध्यक्ष साबिर खान, कंवलजीत सिंह, विनोद सिंह, सलीम अंसारी, संदीप गुप्ता, जगदीप भगत, प्रदीप विश्वकर्मा विरेन्द्र शहदेव, सत्यदेव भगत, दीपक महतो, संतोष महतो, सामुल अंसारी, रविन्द्र सिंह, नंदकिशोर शुक्ल, हमीद अंसारी, आजाद खान, मुंद्रिका यादव, रहमत अंसारी, खलील अहमद, समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।