ग्रामीणों को पुलिस पार्टी समझ नक्सलियों ने किया आइईडी ब्लास्ट, चार घायल
IED blast. झारखंड के लोहरदगा में आईईडी ब्लास्ट में चार ग्रामीण घायल हो गए हैं।
लोहरदगा, जेएनएन। झारखंड में लोहरदगा के सेरेनदाग थाना क्षेत्र के जुड़नी और सनई गांव के बीच जंगल में माओवादियों के दस्ते ने ग्रामीणों को पुलिस पार्टी समझ कर आइईडी विस्फोट कर दिया। इस विस्फोट में चार ग्रामीण घायल हो गए हैं, जिनमें दो को गंभीर हालत में इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। बम विस्फोट की चपेट में आए सभी ग्रामीण गुमला जिले के बिशुनपुर क्षेत्र में मेला देखने जा रहे थे। दो ग्रामीण पुलिस और आर्मी जवानों जैसी ड्रेस पहने हुए थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से माओवादियों ने पुलिस समझकर उनपर हमला कर दिया।
घटना के संबंध में एसपी प्रियदर्शी आलोक ने कहा कि नक्सलियों ने पुलिस पार्टी समझ कर आइईडी ब्लास्ट किया है। माओवादी जोनल कमांडर रविंद्र गंझू का हथियारबंद दस्ता के क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों घायल युवक बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। गंभीर रूप से घायलों में सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के पिरतौल गांव निवासी वीरेंद्र खैरवार (20) और राजेश उरांव (16) शामिल हैं। दो अन्य घायल सहाबीर उरांव और अशोक खेरवार हैं। घटना के बाद ग्रामीण किसी तरह से घायल युवकों को लेकर गांव की ओर भागे। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल पिकअप वैन से दोनों को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद वीरेंद्र और राजेश को रिम्स भेज दिया गया।
पेट से आंत आ गई बाहर
गंभीर रूप से घायल दोनों ग्रामीणों वीरेंद्र और राजेश की हालत रिम्स में गंभीर बनी हुई है। रिम्स के सर्जरी विभाग के हेड डॉ. आरजी बाखला ने बताया कि घायलों में एक का पैर घुटने से नीचे पूरी तरह कट चुका है। वहीं दूसरे के पेट में छेद होकर आंत बाहर आ चुकी थी, जिसके पेट में छेद है उसका ऑपरेशन किया गया है।