होटल में चल रही थी जन्मदिन की पार्टी, प्राथमिकी दर्ज
संवाद सूत्र सेन्हा (लोहरदगा) जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के बक्सीडीपा स्थित होटल रेडरॉक मे
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा) : जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के बक्सीडीपा स्थित होटल रेडरॉक में शुक्रवार की रात जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। सेन्हा बीडीओ-सीओ, थाना प्रभारी ने छापेमारी कर मामले की जांच करते हुए कानूनी कार्रवाई की है। जिसके बाद सरकारी काम में बाधा डालने और लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में चार लोगों पर नामजद और 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार रात आठ बजे के बाद दुकान, प्रतिष्ठान को बंद करने के आदेश के अनुपालन को लेकर सेन्हा के प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार चोपड़ा, अंचलाधिकारी विजय कुमार एवं सेन्हा थाना प्रभारी सूरज प्रसाद क्षेत्र भ्रमण पर निकले हुए थे। इसी क्रम में बक्सीडीपा स्थित होटल रेडरॉक के समीप चौपहिया वाहन, मोटरसाइकिल आदि खड़ी देखकर अधिकारियों को संदेह हुआ तो पुलिस बल के साथ अधिकारियों ने होटल के अंदर जाकर जांच की। जहां पर 50-60 की संख्या में महिला-पुरुष, बच्चे आदि जन्मदिन की पार्टी मनाते मिले। इसमें ज्यादातर लोग मास्क नहीं पहने हुए थे और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। इसे लेकर जांच कर रहे अधिकारियों ने मौजूद लोगों का वीडियो बनाया। इस क्रम में जब अधिकारी जांच और वीडियो बना रहे थे तो कथित तौर पर कुछ लोगों ने अधिकारियों के साथ तू-तू, मैं-मैं करते हुए अभद्र व्यवहार करने लगे। जिसे लेकर सेन्हा के अंचलाधिकारी विजय कुमार के आवेदन पर सेन्हा थाना में चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें आरएल प्रसाद, जी. कुमार, आर. साहू एवं विशाल कुमार के अलावे 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया है। इस मामले को लेकर सीओ के आवेदन पर सेन्हा थाना में कांड संख्या में 33/21 में भादवि की धाराओं के तहत सरकारी काम में बाधा डालने, अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने, काविड-19 के गाइडलाइन का अनुपालन नहीं करने को लेकर आपदा प्रबंधन की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सेन्हा थाना पुलिस पूरे मामले में अनुसंधान के साथ जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।