चैंबर के पूर्व अध्यक्ष का पुत्र कार समेत लापता
लोहरदगा में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष के पुत्र कार समेत लापता
संवाद सहयोगी, लोहरदगा : लोहरदगा चैंबर ऑफ कामर्स के पूर्व जिलाध्यक्ष सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के वरीय उपाध्यक्ष कमल केशरी के पुत्र नितेश केशरी स्विफ्ट कार के साथ लापता है। बताया जाता है कि नितेश केशरी अपने घर से गुरुवार को स्विफ्ट डिजायर कार संख्या जेएच 08जी 6968 से रांची जाने के लिए निकले थे, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों के अनुसार नितेश एल्युमीनियम के साथ शीशा का काम करते हैं, जो गुरुवार को सुबह 9.00 बजे अपने परिजनों से लोहरदगा थाने में कुछ काम होने की बात कहकर घर से निकले थे। उन्होंने यह भी बताया कि लोहरदगा थाने में काम होने के बाद पत्नी को रांची से लाने चले जाएंगे। इसके बाद कुछ अता पता नहीं चल रहा। लापता नितेश के पिता कमल केशरी का कहना है कि उन्होंने गुरुवार को दोपहर के समय में यह जानने के लिए नितेश के मोबाइल पर काल किया कि वह इस समय कहां है, परंतु नितेश का फोन स्वीच ऑफ मिला। जिसके बाद उन्होंने नितेश के परिजनों एवं मित्रों के साथ अपने आसपास के लोगों के माध्यम से नितेश के बारे में पता करना चाहा परंतु उसका कुछ अता पता नहीं चला। कमल केशरी ने कहा कि जब नितेश के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिली तो गुरुवार की देर रात सदर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराते हुए नितेश को सकुशल ढूंढ़ निकालने को अनुरोध पुलिस से किया है।
इधर, पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक का कहना है कि लोहरदगा से रांची जाने के क्रम में कार के साथ नितेश के लापता होने का मामला उनके संज्ञान में आया है। जिसके बाद इस मामले की पड़ताल में यह पता चला कि नितेश रांची जाने के क्रम में पंडरी और बिजुपाड़ा के बीच रास्ते में किसी से मिला और फिर उसका पता नहीं चल सका।
एसपी ने कहा कि मोबाइल लोकेशन के जरिए उनतक पहुंचने का प्रयास जारी है। नितेश के सकुशल बरामदगी को लेकर पुलिस जांच-पड़ताल के साथ अग्रेतर कार्रवाई में जुट है।