यातायात नियम के अनुपालन को लेकर परिवहन विभाग सख्त
लोहरदगा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कारवाई
जासं, लोहरदगा : लोहरदगा जिले में यातायात नियम के अनुपालन को लेकर परिवहन विभाग के साथ जिला प्रशासन काफी सख्त हो गया है। इस बार जिला परिवहन पदाधिकारी अमित बेसरा ने आदेश पत्र निकालकर सरकारी कर्मचारियों के लिए कड़ा फरमान जारी कर दिया है। डीटीओ द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि प्राय: ऐसा देखा जाता है कि बहुत से सरकारी कर्मी बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन का उपयोग करते हैं। यह मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न धाराओं के प्रतिकूल है। बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन से यात्रा करने पर जान जाने की घटनाएं लगातार प्रतिवेदित हो रही हैं। सभी सरकारी कर्मचारियों को निर्देश दिया जाता है कि यदि वे दो पहिया वाहन का प्रयोग करते हैं, तो बिना हेलमेट के नहीं करेंगे। यदि जांच के क्रम में पाया गया कि कोई भी सरकारी कर्मी बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन का प्रयोग कर रहा है तो उन्हें सरकारी आर्थिक दंड के साथ साथ अनुशासनिक दंड अधिरोपित करने के लिए उपायुक्त से अनुशंसा की जाएगी। जिला प्रशासन के इस आदेश के बाद सरकारी कर्मियों में हड़कंप मच गया है।