डोभा के माध्यम से जल सहेजने की तैयारी
बाटम सहेज लो बूंद का लोगों - भंडरा में मनरेगा से बनाए जा रहे 53 डोभा 10 का निर्माण का
बाटम
सहेज लो बूंद का लोगों -
भंडरा में मनरेगा से बनाए जा रहे 53 डोभा, 10 का निर्माण कार्य पूरा
-
फोटो संख्या- 1
राजेश प्रसाद गुप्ता, भंडरा (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के लोग जल संग्रहण को लेकर अब जागरूक होने लगे हैं। इस दिशा में डोभा के माध्यम से जल सहेजने की तैयारी जोरों पर है। जल संरक्षण को लेकर मनरेगा से कई योजनाओं पर कार्य कर पानी बचाने के साथ-साथ ग्रामीणों को मजदूरी कार्य से जोड़ते हुए उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। इधर लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड में तेजी से नीचे जा रहे भू-गर्भ स्तर को बचाकर रखने की दिशा में कवायद शुरु हो गई है। इसके लिए भंडरा प्रखंड प्रशासन ने डोभा निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए पंचायत कर्मियों को कड़े निर्देश दिए हें। जल संग्रह कर बूंद-बूंद पानी को सहेजने को लेकर मनरेगा से भंडरा प्रखंड के नौ पंचायत में 53 डोभा का निर्माण कार्य शुरु कर दिया गया है। जिसमें अब तक दस डोभा का
निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। भंडरा के प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी पवन कुमार महतो ने प्रखंड के सभी मनरेगा कर्मियों को आदेश देते हुए कहा है कि जल संग्रह के लिए डोभा बहुत ही उपयोगी है। इस योजना में किसी भी तरह से लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भंडरा प्रखंड में डोभा निर्माण कार्य को लेकर सभी पंचायत के रोजगार सेवक व पंचायत सचिव को निर्देश दिया गया है। डोभा निर्माण का उद्देश्य बारिश का पानी को जमा कर रखना है। इससे भू-गर्भ स्तर की स्थिति ठीक बनी रहती है। इसके साथ ही डोभा से किसानों को सिचाई के लिए भी काफी उपयोगी साबित हुई है। पंचायतों में अधिकारियों के आदेश मिलते ही पंचायत कर्मी डोभा निर्माण कार्य में तेजी से जुट गए हैं। हालांकि इस दौरान कोरोना संक्रमण को देखते हुए मनरेगा कर्मी शारीरिक दूरी का पालन करते हुए डोभा निर्माण कार्य कर रहे हैं।