झारखंड के लोहरदगा में ठंड से वृद्धा की मौत
Cold. झारखंड के लोहरदगा में ठंड से एक वृद्धा की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
लोहरदगा, जेएनएन। जिले के सदर थाना अंतर्गत बंजार किस्को गांव निवासी स्वर्गीय एतवा उरांव की पत्नी सुमरी उरांव (55) की शनिवार की रात ठंड से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सुमरी परिजनों को बोल कर निकली थी कि वह किस्को साप्ताहिक बाजार जा रही है। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। सुमरी घर में अकेली रहती थी। उसके दोनों बेटे रोजगार की तलाश में बाहर गए हुए हैं। जब सुमरी रात में घर नहीं लौटी तो सुमरी के भतीजों प्रसाद उरांव और अनिल उरांव ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान प्रसाद और अनिल को पता चला कि सुमरी को किस्को अस्पताल ले जाया गया है। जहां जाने पर सुमरी को मृत पाया गया।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा बताया गया कि सुमरी रात भर किस्को साप्ताहिक बाजार में ठंड में पड़ी हुई थी। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से सुमरी को एंबुलेंस से किस्को अस्पताल लाया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद किस्को थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया, फिर उसे परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय लोग ठंड लगने की वजह से सुमरी की मौत की बात कह रहे हैं। स्थानीय पुलिस ने भी ठंड से ही सुमरी की मौत होने की संभावना जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।