अब ऑड्रे हाउस का नाम होगा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्मृति भवनः सीएम
सीएम ने कहा कि आइये गांधी जयंती पर यह संकल्प लें कि खादी को बढ़ावा देंगे, खुद भी खादी अपनाएंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
लोहरदगा, जेएनएन। राज्यव्यापी स्वच्छ्ता जागरूकता अभियान के शुभारंभ को लेकर मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को लोहरदगा पहुंचे। कार्यक्रम के तहत स्वच्छ्ता जागरूकता अभियान का लोहरदगा में आगाज हुआ। जिले के भंडरा प्रखंड के झारो गांव में 2 अक्टूबर से 30 जनवरी चलने वाले स्वच्छ्ता जागरूकता अभियान का सीएम ने शुभारंभ किया। लोहरदगा में शुरुआत के साथ ही अब पूरे राज्य में अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है।
इससे पहले सीएम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कई गांवों के ग्रामीण मौजूद थे। सीएम ने ग्रामीणों के साथ संवाद भी किया। स्वच्छ्ता जागरूकता अभियान की शुरुआत लोहरदगा के भंडरा प्रखंड के झारो गांव से होने पर ग्रामीण काफी खुश थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खुले में शौच से मुक्त हुआ राज्य। आज 99 प्रतिशत घरों में शौचालय।सभी के सहयोग से यह संभव हुआ। जन शक्ति से यह संभव हुआ। कार्यक्रम में सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत, डीसी विनोद कुमार, एसपी प्रियदर्शी आलोक, माटी कला बोर्ड के चेयरमैन श्रीचंद प्रजापति, ज़िला 20 सूत्री उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, जिला परिषद अध्यक्ष सुनैना कुमारी आदि मौजूद थे।
सीएम ने कहा कि आइये गांधी जयंती पर यह संकल्प लें कि खादी को बढ़ावा देंगे, खुद भी खादी अपनाएंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। खादी राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक बने। साथ ही, युवाओं के बीच एक लोकप्रिय फैशन स्टेटमेंट भी बने, यही हमारी सरकार का लक्ष्य है।
उनके मुताबिक, बापू कहते थे पाप से घृणा करो, पापी से नहीं। आज गांधी जयंती के अवसर पर बापू के दिखाए सत्य-अहिंसा और क्षमा के मार्ग पर चलते हुए राज्य के कुल 134 बंदियों को छोड़ा गया। ये सभी हिंसा का मार्ग छोड़कर सामान्य जिंदगी शुरू कर सकेंगे।
सीएम ने कहा कि चंपारण के आंदोलन के पहले महात्मा गांधी रांची के ऑड्रे हाउस आए थे। उनकी स्मृति को संजोए रखने के लिए इसका नामकरण राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्मृति भवन किया जाएगा।