उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न
चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हो गया। जिले के विभिन्न छठ घाटों में चैती छठ महापर्व के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमर पड़ी थी।
लोहरदगा : चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हो गया। जिले के विभिन्न छठ घाटों में चैती छठ महापर्व के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमर पड़ी थी। छठ महापर्व को लेकर छठ घाटों में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम भी किए गए थे। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर भी पुलिस प्रशासन की नजर थी। हालांकि सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ पूजा अनुष्ठान में भाग लिया। सूर्योदय से पूर्व ही छठव्रती और श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंच चुके थे, जहां कई घंटे तक पानी में रहने के दौरान भी छठ व्रती सूर्य उपासना में लगे रहे। इसके उपरांत छठ मईया और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार समाज की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही हवन-पूजन आदि करते हुए छठ महापर्व का समापन किया गया। इसके उपरांत प्रसाद पाने को लेकर श्रद्धालुओं की कतार लग गई थी। शहर के श्रीराम मंदिर फुलवारी तालाब, शंख नदी, कोयल नदी सहित कई स्थानों पर बने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव के साथ पूजा अर्चना की है। चैती छठ महापर्व का अपना अलग ही महत्व है। श्रद्धालु इस महापर्व में सहभागी बनने को लेकर लालायित नजर आते हैं। हर कोई अपने अपने स्तर से छठ महापर्व में शामिल होता है। छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा था।