सीमाएं सील, फिर भी दरभंगा से पहुंच गए लोहरदगा
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लॉकडाउन में प्रदेश के सभी जिलों की सीमाएं सील है। बावजूद इसके दूसरे प्रदे
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लॉकडाउन में प्रदेश के सभी जिलों की सीमाएं सील है। बावजूद इसके दूसरे प्रदेश से लेकर अगल-बगल के जिलों से लोगों का लोहरदगा आना जारी है। पिछले एक पखवारे में दूसरे प्रदेश व जिलों से तीन दर्जन से भी ज्यादा लोग लोहरदगा पहुंचे हैं। बुधवार को बिहार के दरभंगा से एक महिला समेत दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से और रांची के विद्या नगर से पैदल चलकर एक मजदूर के लोहरदगा पहुंचने का मामला प्रकाश में आया। इसकी जानकारी पुलिस को मिलते ही संबंधित व्यक्तियों को जांच के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर तीनों को जांच के बाद क्वारंटाइन कर दिया गया। बता दें कि लोहरदगा के ईटटा गांव की एक महिला बिहार के दरभंगा में सिलाई का काम करती थी, वह लॉकडाउन में दरभंगा से फंसी हुई थी, जिसे लेकर वहां से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से मंगलवार की देर शाम लोहरदगा पहुंच गया। इस दौरान न तो वह कहीं पकड़ा गया और न ही उसकी कहीं जांच हुई। ईटटा गांव पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को दी। इसी तरह लोहरदगा के अरकोसा गांव का मजदूर लॉकडाउन में रांची के विद्या नगर में फंस गया था, वह मंगलवार को पैदल ही सदर प्रखंड के अरकोसा गांव पहुंच गया।