मौसम हुआ सर्द, ठंड से जनजीवन बेहाल
लोहरदगा में ठंड बढ़ गई है। लोगों के लिए अलाव सहारा बना है।
संवाद सहयोगी, लोहरदगा : लोहरदगा में अचानक से मौसम बेहद सर्द हो गया है। इससे लोग ठंड से ठिठुरने लगे हैं। लोगों को ठंड से राहत देने के सरकारी पर्याप्त उपाय नहीं होने के कारण लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही है। विशेष कर ग्रामीण इलाकों में लोग ठिठुरने को विवश हैं। जिले में मौसम अचानक से सर्द हो चुका है। दिन भर ठंडी हवाएं चल रही हैं। सड़क पर दिन गुजारने वाले लोग ज्यादा परेशान हैं। जिले में ठंड की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोहरदगा में बुधवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ प्रखंड मुख्यालयों और शहरी मुख्यालय में अब तक अलाव की व्यवस्था भी नहीं की गई है। जबकि गरीब वर्ग के लोगों और सड़क पर समय गुजारने वाले लोगों को अलाव से सबसे ज्यादा राहत मिलती है। ठंड से बचाव के उपाय नहीं होने से लोग परेशान हैं। ठंड की वजह से छोटे बच्चों को ज्यादा परेशानी होने लगी है। बच्चे सर्दी-खांसी, बुखार आदि बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इसके अलावे वृद्ध भी परेशान हैं।