गर्भवती महिलाओं की देखरेख परिवार की जिम्मेदारी
कैरो प्रखंड में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए सम्मेलन का आयोजन किया गया।
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : कैरो प्रखंड के बक्शी गांव में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सास-बहू व पति सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें सास-बहू व पति के आपसी संबंध की जानकारी सभी को दी गई। बीटीटी विरेंद्र महतो ने कहा कि एक परिवार को सही तरीके से चलाने के लिए सदस्यों के बीच आपसी सामंजस्य जरूरी है। खासकर गर्भवती व धातृ महिलाओं की देखरेख करने की जिम्मेदारी परिवार के अन्य सदस्यों की भी है। इसमें मुख्य रूप से सास व पति की अहम भूमिका अहम है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि परिवार के सभी सदस्य आपसी तालमेल बनाकर रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सहिया साथी जयफलीता लकड़ा ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को ससमय टीकाकरण व जांच कराने की जिम्मेवारी संबंधित क्षेत्र की सहिया की होती है। गर्भवती व धातृ महिलाओं को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। जिससे संक्रमण रोग फैलने का खतरा नहीं रह सके। कार्यक्रम में क्लस्टर क्षेत्र की सहियाओं ने अपने-अपने विचार से सभी को अवगत कराया और महिला सशक्तिकरण पर बल दिया। मौके पर जयफलिता लकड़ा, जुबेरा नाज, सोएबा प्रवीण, सरिता उरांव, बसंती भगत, जौरी उरांव सहित कलस्टर क्षेत्र की सहियाएं मौजूद थे।