महिलाओं के स्वावलंबन से ही बढ़ेगा समाज : कमुदिनी
लोहरदगा में वार्षिकोत्सव का आयोजन
संवाद सूत्र, भंडरा (लोहरदगा) : झारखंड राज्य आजीविका मिशन के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय परिसर में भंडरा आजीविका महिला ग्राम संगठन का वार्षिकोत्सव मनाया गया। वार्षिकोत्सव में महिला संगठन को मजबूत करने और महिलाओं को स्वरोजगार के जरिए स्वावलंबी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। मौके पर मुख्य अतिथि सीडीपीओ कमुदिनी कच्छप का स्वागत महिलाओं ने तिलक लगाकर किया। इस अवसर पर कमुदिनी कच्छप ने कहा कि महिलाओं के स्वावलंबन से ही समाज बढ़ेगा। ऐसे में आजीविका समूह से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका है। इसके लिए महिलाओं में एकजुटता जरूरी है। आजीविका महिला ग्राम संगठन के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। जिससे अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा लेने की जरूरत है। इस दौरान भंडरा आजीविका ग्राम महिला संगठन के सदस्यों द्वारा आजीविका समूह से जुड़ने के बाद जीवन मे हुए बदलाव तथा सखी मंडल से ऋण लेकर रोजगार से जोड़ने को लेकर लोगों को जागरूक किया। मौके पर बीपीएम मंजुला तिर्की, भरत राम, नितेश कुमार सहित भंडरा महिला ग्राम संगठन के 25 गांव की महिलाएं मौजूद थी।